Congress Manifesto: बीजेपी का दावा- 'कांग्रेस के घोषणापत्र में न्यूयॉर्क और थाईलैंड की हैं तस्वीरें', जानें आरोपों की सच्चाई

Congress Manifesto: कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणापत्र में कहा है कि केंद्र में उसकी सरकार बनने की स्थिति में चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से ही होगा, लेकिन मशीनों की क्षमता एवं मतपत्रों की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी तथा VVPAT (वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) पर्चियों का मिलान होगा

अपडेटेड Apr 05, 2024 पर 5:52 PM
BJP ने शुक्रवार को कांग्रेस के घोषणा पत्र की धज्जियां उड़ा दी

Lok Sabha Election 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार (5 अप्रैल) को लोकसभा चुनाव के लिए जारी किए गए कांग्रेस के घोषणापत्र को 'झूठ का पुलिंदा' करार दिया। BJP ने कांग्रेस के घोषणापत्र में इस्तेमाल की गई कुछ तस्वीरों को विदेश की बताया और इसे लेकर भी विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में इस्तेमाल की गई तस्वीरें न्यूयॉर्क और थाईलैंड की है। आरोप लगाया कि देश में दशकों तक शासन करने वाली इस पार्टी ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मतदाताओं के बीच भ्रम पैदा करने के लिए कांग्रेस इस तरह का चुनावी घोषणापत्र लेकर आई है। "हाल ही में सोशल मीडिया चेयरपर्सन ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट कौन संभाल रहा है। कम से कम पार्टी को तो पता होना चाहिए कि उनका घोषणापत्र कौन बना रहा है।" एनवायरनमेंट सेक्शन में इस्तेमाल की गई तस्वीर दिखाते हुए त्रिवेदी ने दावा किया कि यह तस्वीर राहुल गांधी के पसंदीदा स्थान थाईलैंड की है।

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, "कांग्रेस का घोषणापत्र झूठ का पुलिंदा है। इसे मतदाताओं के बीच भ्रम पैदा करने के लिए तैयार किया गया है।" त्रिवेदी ने कहा कि दशकों तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस आज 'न्याय' की बात कर रही है लेकिन उसकी सरकारों ने सत्ता में रहते हुए न्याय नहीं किया।


उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र का नाम रखा है 'न्याय पत्र..'। मतलब इन्होंने मान लिया है कि 55 साल इन्होंने अन्याय किया है। कोई नई नवेली पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) जैसी होती और वह कहती तो समझा जा सकता था।"

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जिस पार्टी ने भारत की युवा शक्ति, उसकी आर्थिक, औद्योगिक एवं सैन्य क्षमता के साथ ही सुरक्षा के साथ न्याय नहीं किया, वह देश के साथ न्याय का वादा कर रही है। त्रिवेदी ने आरोप लगाया, "कांग्रेस ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए अपने पहले के घोषणापत्रों में किए गए अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया।"

कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र

इससे पहले, कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी किया जिसमें उसने जाति जनगणना कराने, आरक्षण की सीमा बढ़ा कर 50 प्रतिशत से अधिक करने, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने और नई शिक्षा नीति में संशोधन करने समेत कई वादे किए हैं। पार्टी ने अपने घोषणा पत्र को 'न्याय पत्र' नाम दिया है। यह पांच 'न्याय' और 25 'गारंटी' पर आधारित है।

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी बोले- 'ये नया भारत घर में घुसकर मारता है', BJP ने कांग्रेस के घोषणापत्र को बताया 'झूठ का पुलिंदा'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इस घोषणापत्र में भविष्य के शानदार भारत की तस्वीर नजर आती है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह चुनाव, संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करने का प्रयास करने वालों और इन्हें बचाने की कोशिश करने वालों के बीच होने जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।