Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने रविवार (21 अप्रैल) को राजस्थान के बांसवाड़ा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस मां-बहनों का सोना लेकर 'घुसपैठियों को बांटना' चाहती है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने ये बातें अपनी घोषणापत्र में की है। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर आदिवासियों के कल्याण की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को अपने 60 वर्ष के शासनकाल के दौरान आदिवासी समुदाय से एक भी ऐसा व्यक्ति नहीं मिला, जो देश का राष्ट्रपति बन सकता था। पीएम मोदी बांसवाड़ा में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्रजीत मालवीय के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "'कांग्रेस अब वामपंथियों और अर्बन नक्सलियों के चंगुल में फंस गई है। कांग्रेस ने अपने मैनिफेस्टो में जो कहा है वह गंभीर और चिंताजनक है। यह माओवाद की सोच को धरती पर उतारने की कोशिश है। उन्होंने कहा है कि अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो हर एक की संपत्ति का सर्वे किया जाएगा। हर व्यक्ति की जांच की जाएगी। हमारी बहनों के पास कितना सोना है इसकी जांच की जाएगी। सरकारी कर्मचारियों के पास कितना पैसा है इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी बहनों के पास जो गोल्ड है उसे समान रूप से वितरित किया जाएगा। क्या सरकार को आपकी संपत्ति लेने का अधिकार है? 'मंगलसूत्र' सोने की कीमत का मुद्दा नहीं है, उनके जीवन के सपनों से यह जुड़ा हुआ है।"
पीएम मोदी ने आगे कहा, "वो (कांग्रेस) सबकुछ ले लेंगे और सबको विपतरित कर देंगे। और पहले जब उनकी सरकार (मनमोहन सिंह सरकार) थी तो कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इसका मतलब ये संपत्ति इक्ट्ठा करके किसको बाटेंगे? जिनके ज्यादा बच्चे होंगे उनको बांटेंगे। घुसपैठियों को बांटेगें.... क्या आपके कमाई का पैसा घुसपैठियों को दिए जाएंगे। आपको मंजूर है ये...ये कांग्रेस का मेनिफेस्टो कह रहा है। माताओं-बहने के सोने का हिसाब लेंगे और फिर उस संपत्ति को बांट देंगे। और उनको बांटेंगे जिनको मनमोहन सिंह की सरकार ने कहा था कि संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। भाइयों बहनों ये अर्बन नक्सल की सोच, मेरी मां-बहनों ये आपका मंगलसूत्र भी बचने नहीं देंगे, ये यहां तक जाएंगे।"
आदिवासियों से भेदभाव का लगाया आरोप
पीएम मोदी ने रैली के दौरान आगे कहा, ''आदिवासी समाज में क्षमता नहीं थी क्या? .. जरा सोचिए कांग्रेस की क्या मानसिकता है। 2014 में आपने इस सेवक को आर्शीवाद दिया। आज इस देश की पहली नागरिक, देश की राष्ट्रपति, आदिवासी समाज की एक बेटी हैं। यही असली भागीदारी है।'' उन्होंने कहा, ''यही बाबा साहब (आंबेडकर) की 'स्पिरिट' है।'' पीएम मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया ने इसकी तारीफ की लेकिन कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' का विरोध किया। इससे पहले उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों को डराया।
उन्होंने कहा, ''आज भी ये कभी लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण को लेकर भांति भांति का झूठ फैला रहे है। भांति-भांति का डर दिखा रहे है लेकिन कांग्रेस को पता नहीं है यह भारत हर प्रकार से डर से बाहर निकल चुका है और इसलिये इनका झूठ नहीं चल पा रहा है।'' PM ने कहा, ''आज देखिये देशभर में जिन-जिन राज्यों में आदिवासी आबादी अधिक है वहां कांग्रेस या तो सत्ता से बाहर है या फिर तीसरे चौथे नंबर पर है। कांग्रेस के विरूद्ध यह आदिवासी समाज का आक्रोश है। इस आक्रोश के ठोस कारण हैं।''
पीएम मोदी ने कहा कि तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में पहली बार आदिवासियों के लिये अलग मंत्रालय बनाया गया.. अलग बजट बना था। उन्होंने कहा, ''करोड़ों आदिवासी बेटे-बेटियों में से कांग्रेस को 60 वर्षो में एक भी ऐसा नहीं मिला जो देश का राष्ट्रपति बन सके?'' उन्होंने कहा कि आज देश में ऐसी स्थिर एवं मजबूत सरकार होना जरूरी है। पीएम मोदी ने कहा कि एक ऐसी सरकार, जो सरहद की रक्षा कर सके और जरूरत पड़े तो पाताल में भी खोज कर दुश्मनों का सफाया कर सके।