Delhi Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने सोमवार (6 मई) को 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल कर दिया। JNU के पूर्व छात्र नेता उसी निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दो बार के सांसद और भोजपुरी गायक से नेता बने मनोज तिवारी का सामना करने के लिए तैयार हैं। कुमार ने 2019 का आम चुनाव बिहार की बेगुसराय सीट से CPI उम्मीदवार के रूप में लड़ा, उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
पूर्व छात्र नेता अपना नामांकन दाखिल करने के लिए मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास से चुनाव कार्यालय तक जुलूस निकाला। कुमार का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के दो बार के सांसद और भोजपुरी गायक से नेता बने मनोज तिवारी से होगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का लोकसभा चुनाव इस बार काफी दिलचस्प होने वाला है। दिल्ली में कुल सात लोकसभा सीटें हैं। इस बार का इलेक्शन इसलिए अलग होने वाला है, क्योंकि कांग्रेस (Congress) और आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी लोकसभा चुनाव गठबंधन में लड़ने का ऐलान किया है।
इसके तहत दिल्ली में AAP 4 और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। AAP दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और नई दिल्ली लोकसभा सीट पर लड़ रही है। जबकि कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर पश्चिम दिल्ली और उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर चुनाव लड़ेगी। जिन 7 लोकसभा सीटों पर मतदान होंगे वे चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली हैं।
मनोहर लाल ने भी भरा पर्चा
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी सोमवार को राज्य की करनाल लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। खट्टर के साथ राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी थे। सैनी ने करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। हरियाणा की करनाल समेत 10 लोकसभा सीटों के लिए मतदान 25 मई को होगा।
2019 में दिल्ली के आम चुनाव में केंद्र में सत्तारुढ़ बीजेपी ने सभी 7 सीटों पर जीत हासिल कर AAP और कांग्रेस के उम्मीदवारों को हराकर क्लीन स्वीप किया था। भगवा पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव कुल 56.9 प्रतिशत वोट हासिल किए, जबकि कांग्रेस 22.5 फीसदी और AAP 18.1 फीसदी वोटों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का वोट शेयर 46.40 फीसदी रहा था।
जबकि करीब 33 फीसदी वोट आम आदमी पार्टी को मिले थे। पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद हंसराज हंस को छोड़कर बाकी वर्तमान पांचों सांसद रमेश बिधूड़ी (दक्षिण दिल्ली), मीनाक्षी लेखी (नई दिल्ली), हर्षवर्द्धन (चांदनी चौक) और प्रवेश वर्मा (पश्चिम दिल्ली) लगातार दूसरी बार अपने लोकसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।