Delhi Loksabha Election 2024: आम आदमी पार्टी ने शुरू की 'AAP का राम राज्य' वेबसाइट, केजरीवाल के कामों मिलेगा लेखा-जोखा

Delhi Loksabha Election 2024: पार्टी के वरिष्ठ नेता ने फरवरी 2020 में पूर्व अमेरिकी प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के दिल्ली सरकार के एक स्कूल के दौरे का जिक्र करते हुए कहा, ''पहले लोग कहते थे 'अमेरिका से सीखो' लेकिन अब अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी भारत आती हैं और कहती हैं कि वह अरविंद केजरीवाल द्वारा बनाए गए स्कूल देखना चाहती हैं

अपडेटेड Apr 17, 2024 पर 11:39 PM
Delhi Loksabha Election 2024: आम आदमी पार्टी ने शुरू की 'AAP का राम राज्य' वेबसाइट

Delhi Loksabha Election 2024: आम आदमी पार्टी (AAP) ने ‘राम राज्य’ को लेकर अपनी अवधारणा जाहिर करने के मकसद से बुधवार को एक वेबसाइट 'आप का राम राज्य' (AAP Ka Ram Rajya) जारी की और कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने राष्ट्रीय राजधानी में भगवान राम के आदर्शों को साकार करने की कोशिश की है। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) से पहले और रामनवमी के दिन 'आप' ने ‘https://aapkaramrajya.com/’ वेबसाइट शुरू की।

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह वेबसाइट ‘AAP’ की ‘राम राज्य’ के कॉन्सेप्ट को दर्शाने के साथ-साथ अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) सरकार की तरफ से किए गए कामकाज की भी जानकारी देगी।

केजरीवाल की 'राम राज्य' की अवधारणा 


सिंह ने कहा, ''मुख्यमंत्री केजरीवाल ने 'राम राज्य' की अवधारणा को साकार करने के लिए पिछले दस साल में दिल्ली में अच्छे स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक, मुफ्त पानी और बिजली तथा महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी है।''

उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार है कि रामनवमी के मौके पर केजरीवाल अपने लोगों के बीच में मौजूद नहीं हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को झूठे गवाहों के बयानों के आधार पर 'निराधार' मामले में जेल भेजा गया है।

सिंह ने कहा, ''अरविंद केजरीवाल की 'राम राज्य' की अवधारणा में कोई बड़ा या छोटा नहीं है और इसमें सभी के हित में काम किया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रामनवमी पर लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान के तहत इस वेबसाइट की शुरुआत की गई है।''

दुनिया अरविंद केजरीवाल से सीख रही है

उन्होंने दावा किया कि दुनिया अरविंद केजरीवाल और आप सरकार की तरफ से किए जा रहे कामों से सीख रही है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता ने फरवरी 2020 में पूर्व अमेरिकी प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के दिल्ली सरकार के एक स्कूल के दौरे का जिक्र करते हुए कहा, ''पहले लोग कहते थे 'अमेरिका से सीखो' लेकिन अब अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी भारत आती हैं और कहती हैं कि वह अरविंद केजरीवाल द्वारा बनाए गए स्कूल देखना चाहती हैं। अब अमेरिकी केजरीवाल के काम से सीखते हैं।''

संवाददाता सम्मेलन में आप नेता आतिशी, सौरभ भारद्वाज और जैस्मिन शाह भी मौजूद थे।

भगवान राम की तरह केजरीवाल लोगों के लिए काम करे हैं: आतिशी

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, ''हम दिल्ली और पंजाब में 'राम राज्य' की अवधारणा पर काम कर रहे हैं। हम इस वेबसाइट के माध्यम से आम आदमी पार्टी की तरफ से किए जा रहे जन कल्याण कार्यों को देश और दुनिया में फैलाना चाहते हैं।''

हिंदू धर्म के पवित्र ग्रंथ रामचरितमानस की एक चौपाई का जिक्र करते हुए आतिशी ने कहा, ''जिस तरह भगवान राम ने कठिनाइयों के बीच अपने सभी वादे पूरे किए उसी तरह केजरीवाल सभी कठिनाइयों से लड़ते हुए लोगों के लिए काम कर रहे हैं और अपने वादे पूरे कर रहे हैं।''

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।