अमित शाह के फर्जी वीडियो मामले में एक्शन में दिल्ली पुलिस, तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी को किया तलब

Amit Shah fake video case: दिल्ली पुलिस ने रेवंत रेड्डी समेत पांच लोगों को नोटिस भेजा है। तेलंगाना कांग्रेस के साथ रेड्डी ने भी अमित शाह के फर्जी वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया था। रेड्डी को पूछताछ के दौरान अपना मोबाइल फोन साथ में लाने को कहा गया है

अपडेटेड Apr 29, 2024 पर 4:55 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Amit Shah fake video case: रेवंत रेड्डी सीएम के साथ कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष भी हैं

Amit Shah fake video case: दिल्ली पुलिस ने आरक्षण के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता अमित शाह के फर्जी वीडियो मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी को तलब किया है। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैलाए गए अमित शाह के कथित फर्जी वीडियो के सिलसिले में रेवंत रेड्डी को 1 मई को जांच में शामिल होने को कहा है। न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, फर्जी वीडियो मामले में कांग्रेस नेता को 1 मई को अपने मोबाइल फोन के साथ दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट (साइबर यूनिट) के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। बता दें कि रेड्डी कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष भी हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने रेवंत रेड्डी समेत पांच लोगों को नोटिस भेजा है। तेलंगाना कांग्रेस के साथ रेड्डी ने भी अमित शाह के फर्जी वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया था। सूत्रों ने बताया कि रेड्डी को पूछताछ के दौरान अपना मोबाइल फोन साथ में लाने को कहा गया है जिसका इस्तेमाल कथित रूप से फर्जी वीडियो X पर शेयर करने में किया गया था।

दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR


दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने सोशल मीडिया फ्लेटफॉर्म्स पर अमित शाह का फर्जी वीडियो फैलाए जाने के सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत आने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद रविवार को मामला दर्ज किया था।

कथित फर्जी वीडियो में तेलंगाना में धार्मिक आधार पर मुसलमानों के लिए आरक्षण समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताने का संकेत देने संबंधी शाह के बयान को तोड़-मरोड़कर इस तरह दिखाया गया है जैसे कि वह हर तरह का आरक्षण समाप्त करने की वकालत कर रहे हों।

एक्शन में दिल्ली पुलिस

एक अधिकारी ने कहा कि भारतीय दंड संहिता (IPC) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम के अनेक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के सूत्रों ने बताया कि देशभर में इस मामले में गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पूरे भारत में वीडियो वायरल करने वाले हैंडलों के पीछे के व्यक्तियों को ट्रैक करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। यहां तक कि वीडियो डिलीट करने वाले भी जांच के दायरे में आ जाएंगे।

ये भी पढ़ें- MP Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस को एक और बड़ा झटका, इंदौर से पार्टी उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने आखिरी दिन वापस लिया नामांकन

BJP ने कहा कि अमित शाह का फर्जी वीडियो अस्मा तस्लीम समेत कई कांग्रेस प्रवक्ताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। न्यूज 18 के मुताबिक, अमित शाह ने कथित तौर पर कहा था कि 4 फीसदी मुस्लिम आरक्षण असंवैधानिक है। उन्होंने वादा किया कि अगर बीजेपी सत्ता में आई तो वे इस आरक्षण को समाप्त कर देंगे और इसे एससी, एसटी और ओबीसी को आवंटित कर देंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।