Credit Cards

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: हरियाणा में कांटे की टक्कर! BJP-कांग्रेस दोनों के खाते में आई 5-5 सीट

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: हरियाणा की 10 सीटों में से 4 सीटों का नतीजा आ चुका है। अभी तक के आए रिजल्ट में कांग्रेस पार्टी तीन सीटों पर जीत चुकी है और 2 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा ने 1 सीट पर जीत दर्ज कर ली है और 4 सीटों पर आगे चल रही है

अपडेटेड Jun 05, 2024 पर 1:17 PM
Story continues below Advertisement
Haryana Loksabha Chunav Result 2024: आज 4 जून को पूरे देश की नजर लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों पर टिकी हुई है।

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: हरियाणा की 10 सीटों पर नतीजा आ चुका है। चुनावों के रिजल्ट में कांग्रेस पार्टी 5 सीटों पर और भाजपा 5 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) को साल 2019 के लोकसभा चुनावों में 10 सीटें मिली थी, लेकिन इस बार BJP को 5 सीटों का नुकसान हुआ है।

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: BJP को 5 सीटों पर झटका 

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता एवं अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक तंवर को हराकर मंगलवार को सिरसा (सुरक्षित) लोकसभा सीट पर जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, शैलजा ने तंवर को 2,68,497 मतों के अंतर से हराया। फरीदाबाद सीट से भाजपा कैंडीडेट किशन पाल जीत गए हैं। अभी तक के आए रिजल्ट में कांग्रेस पार्टी तीन सीटों पर जीत चुकी है और 2 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा ने 1 सीट पर जीत दर्ज कर ली है और 4 सीटों पर आगे चल रही है। हरियाणा में 10 लोकसभा सीट है जिसमें में पिछली बार 2019 में भाजपा को 10 सीटें मिली थी। इस बार 5 सीट का नुकसान नजर आ रहा है।


Haryana Loksabha Chunav Result 2024: BJP को 11 सीटों पर झटका – 4:40 बजे

हरियाणा की 10 लोकसभा सीट में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पांच-पांच सीट पर आगे चल रही हैं। वहीं, मनोहर लाल खट्टर, कुमारी शैलजा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे प्रमुख नेताओं ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बड़ी बढ़त बना ली है। निर्वाचन आयोग के रुझानों के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी-महेंद्रगढ़ और कुरुक्षेत्र सीट पर आगे चल रहे हैं, जबकि कांग्रेस अंबाला, हिसार, रोहतक, सिरसा और सोनीपत में आगे है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल सीट से आसान जीत की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के दिव्यांशु बुद्धिराजा पर 2,02,432 मतों की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।केंद्रीय मंत्री और गुड़गांव से मौजूदा सांसद राव इंद्रजीत सिंह कांग्रेस के राज बब्बर से 46,197 मतों से आगे हैं।सिरसा सीट से कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी अशोक तंवर से 2,51,017 मतों के भारी अंतर से आगे हैं। रोहतक में कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी मौजूदा भाजपा सांसद अरविंद शर्मा पर 2,52,994 मतों से अजेय बढ़त बना ली है। हालांकि, सोनीपत में कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी और भाजपा के मौजूदा विधायक मोहन लाल बडोली के बीच कड़ा मुकाबला है। यहां कांग्रेस उम्मीदवार 6,530 मतों के मामूली अंतर से आगे हैं।

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: BJP को 11 सीटों पर झटका – 4:40 बजे

अंबाला निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के वरुण चौधरी भाजपा की प्रतिद्वंद्वी बंतो कटारिया से 33,310 मतों से आगे हैं।हिसार में कांग्रेस उम्मीदवार जय प्रकाश, भाजपा के रंजीत चौटाला पर 25,910 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। फरीदाबाद से मौजूदा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर कांग्रेस के महेंद्र प्रताप सिंह से 1,62,753 मतों से आगे हैं। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट पर मौजूदा भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह कांग्रेस विधायक राव दान सिंह से 40,422 मतों के अंतर से आगे हैं। कुरुक्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल काफी समय तक पीछे रहे, लेकिन अब उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी एवं आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार सुशील गुप्ता पर 14,328 मतों से बढ़त बना ली है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला भी कुरुक्षेत्र से मैदान में हैं, लेकिन पीछे चल रहे हैं। छह अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी उनकी पार्टी के उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं।इसी प्रकार, इसी साल भाजपा से गठबंधन तोड़ने वाली जननायक जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार भी पीछे चल रहे हैं।करनाल विधानसभा सीट के लिए संपन्न उपचुनाव के लिए भी मतों की गिनती हो रही है और राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कांग्रेस उम्मीदवार तरलोचन सिंह से 37,635 मतों से आगे हैं। राज्य में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी। इस बार कांग्रेस ने राज्य की नौ लोकसभा सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी पार्टी AAP कुरुक्षेत्र सीट पर मैदान में है।

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: कांग्रेस 5 और BJP 5 पर आगे, 4:00 बजे

हरियाणा की 10 लोकसभा सीट में से कांग्रेस 5 और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) 5 सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक कांग्रेस अंबाला, गुरुग्राम, हिसार, रोहतक, सिरसा और सोनीपत में आगे हैं जबकि भाजपा भिवानी-महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, करनाल और कुरुक्षेत्र में बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस की दिग्गज नेता कुमारी शैलजा सिरसा सीट पर अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी अशोक तंवर से 1,23,327 मतों के अंतर से आगे हैं। रोहतक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा मौजूदा भाजपा सांसद अरविंद शर्मा से 1,22,185 मतों से आगे हैं। गुरुग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह से 22,012 मतों से आगे हैं। कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी मौजूदा भाजपा विधायक मोहन लाल बडोली से 2,173 मतों के मामूली अंतर से आगे हैं। अंबाला निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के वरुण चौधरी अपनी भाजपा प्रतिद्वंद्वी बंतो कटारिया से 26,426 मतों से आगे हैं। हिसार में कांग्रेस उम्मीदवार जय प्रकाश भाजपा के रंजीत चौटाला से 5,102 मतों से आगे हैं। करनाल में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी दिव्यांशु बुद्धिराजा से 89,493 मतों से आगे हैं। फरीदाबाद से मौजूदा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर कांग्रेस के उम्मीदवार महेंद्र प्रताप सिंह से 52,916 वोटों से आगे हैं। भिवानी-महेंद्रगढ़ में मौजूदा भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह कांग्रेस विधायक राव दान सिंह से 4,671 वोटों के मामूली अंतर से आगे हैं। कुरुक्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल अपने आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रतिद्वंद्वी सुशील गुप्ता से 556 वोटों के मामूली अंतर से आगे हैं। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला भी मैदान में थे लेकिन पीछे चल रहे हैं। छह अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी उनकी (इनेलो) पार्टी के उम्मीदवार पीछे हैं। करनाल विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कांग्रेस उम्मीदवार तरलोचन सिंह से 20,000 से अधिक मतों से आगे हैं।

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: हरियाणा में कांग्रेस 5 सीटों पर आगे, दोपहर 2 बजे

हरियाणा की 10 लोकसभा सीट में से कांग्रेस 5 पर आगे है जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) चार पर और आम आदमी पार्टी (AAP) एक सीट पर आगे है। कांग्रेस की दिग्गज नेता कुमारी शैलजा ने सिरसा सीट पर अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर पर 35,084 वोटों की अच्छी बढ़त हासिल कर ली है। रोहतक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के मौजूदा सांसद अरविंद शर्मा से 32,252 मतों से आगे हैं। कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी भाजपा के मौजूदा सांसद मोहन लाल बडोली से 3,216 मतों से आगे हैं। गुरुग्राम में कांग्रेस के राज बब्बर केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह से 28,487 वोटों से आगे हैं।

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: दीपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे काउंटिंग सेंटर, सुबह 12:00

कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा मंगलवार को हरियाणा के झज्जर में काउंटिंग सेंटर पर पहुंचे। फिलहाल हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन कर रही है।

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: कांग्रेस 6 और BJP 4 सीटों पर आगे - सुबह 11:15 तक के रुझान

हरियाणा में कांग्रेस ने छह सीटों पर बढ़त बनाई है। अभी तक के ताजा रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सिर्फ 4 सीटों पर बढ़त है। हरियाणा में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ इंडिया गठबंधन के बैनर तले चुनाव लड़ रही है। हरियाणा की रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र सिंह हुड्डा की बढ़त पर पार्टी समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: अंबाला से कांग्रेस के वरुण चौधरी आगे- सुबह 11:10 तक के रुझान

हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर शुरुआती रुझानों में से कांग्रेस छह सीट और भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। निर्वाचन आयोग के अनुसार गुरुग्राम से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी राज बब्बर से पीछे हैं। सिरसा सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार कुमारी शैलजा अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी अशोक तंवर से आगे हैं। अंबाला से कांग्रेस के वरुण चौधरी अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी बंतो कटारिया से आगे हैं। भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा के मौजूदा सांसद धर्मबीर सिंह अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी राव दान सिंह से आगे हैं। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की थी

Haryana Loksabha Chunav Result 2024:  नायब सिंह सैनी आगे, सुबह 11:00 तक के रुझान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करनाल विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के तरलोचन सिंह से 1,770 वोट से आगे हैं। करनाल विधानसभा सीट पर पिछले महीने उपचुनाव हुए थे। हरियाणा में 10 लोकसभा सीट और करनाल विधानसभा सीट के लिए वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से जारी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से निवर्तमान सांसद हैं। हरियाणा में लोकसभा क्षेत्रों और करनाल विधानसभा सीट के लिए मतदान देश में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 25 मई को हुआ था।  सैनी ने 12 मार्च को मनोहर लाल खट्टर की जगह मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। करनाल से विधायक के रूप में खट्टर के इस्तीफे के कारण उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी थी। मनोहर लाल खट्टर को भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) ने करनाल संसदीय सीट से मैदान में उतारा है।

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: मनोहर लाल खट्टर आगे, सुबह 9:45 तक के रुझान

हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा 10 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से पांच पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस दो पर बढ़त बनाए हुए है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल संसदीय सीट से अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के दिव्यांशु बुद्धिराजा से आगे चल रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने हरियाणा की सभी लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। राज्य में वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई।

Haryana Loksabha Chunav Result 2024: BJP 5, कांग्रेस 2 सीटों पर आगे -  सुबह 9:30 तक के रुझान

हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा 10 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से पांच पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस दो पर बढ़त बनाए हुए है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल संसदीय सीट से अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के दिव्यांशु बुद्धिराजा से आगे चल रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने हरियाणा की सभी लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। राज्य में वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई।

Haryana Exit Poll : हरियाणा में बीजेपी को 3 से 5 सीटों का बताया गया था नुकसान

News18 Exit Poll में कहा गया था कि इस बार हरियाणा में बीजेपी को नुकसान हो सकता है। एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को इस बार हरियाणा में 5 से 7 सीटों पर जीत मिल सकती है। वहीं कांग्रेस के खाते में 3 से 5 सीटें जा सकती हैं।

हरियाणा लोकसभा चुनाव 2024 का समीकरण

बता दें कि हरियाणा में कुल 10 लोकसभा सीटे हैं। राज्य की सभी सीटों पर 25 मई 2024 को छठवें चरण में मतदान हुआ था। भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य की सभी 10 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ी थी। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक साथ इंडिया गठबंधन के बैनर तले चुनाव लड़ा था। इस गठबंधन में राज्य की 9 सीटों पर कांग्रेस और 1 सीट (कुरुक्षेत्र) पर आम आदमी पार्टी लड़ी थी।

2019 के लोकसभा चुनाव में BJP ने जीती थीं सभी 10 सीटें

इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 10 सीटों पर बीजेपी जीती थी। 2019 में हरियाणा की सभी सीटों पर 12 मई 2019 को मतदान हुए थे। उस वक्त भी बीजेपी ने राज्य की सभी 10 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा था। कांग्रेस भी 2019 में सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ी थी। वहीं आम आदमी पार्टी ने दुष्यंत चौटाला की अगुआई वाली जननायक जनता पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को हरियाणा में कुल 58.02 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस 28.42% वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। जननायक जनता पार्टी 4.9 फीसदी वोट के साथ राज्य में तीसरे स्थान पर थी। कांग्रेस 10 में 9 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी। वहीं एक सीट पर जननायक पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी।

Share Market Live Update: शेयर बाजार में कोहराम, सेंसेक्स ने 2800 पॉइंट का लगाया गोता; PSU बैंक स्टॉक में हाहाकार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।