News18 Rising Bharat Summit 2024: न्यूज18 नेटवर्क के कार्यक्रम 'न्यूज18 राइजिंग भारत समिट 2024' में शामिल केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने मंगलवार को कहा कि अगले 20 सालों में भारतीय रेलवे का अलग स्वरूप दिखेगा। उन्होंने कहा कि बीते 10 सालों में 30,000 किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक बने हैं। रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे द्वारा उन्नत योजना बनाई गई है। इसके लिए सभी स्तरों पर कड़ी मेहनत और संचार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने रेलवे की सुरक्षा पर निवेश नहीं किया। पीएम मोदी 2016 में ऑटोमेटिक ट्रेन सुरक्षा लेकर आए।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ''भारत की पहली बुलेट ट्रेन 2026 में बनकर तैयार हो जाएगी। यह सूरत से एक सेक्शन में चलेगी।'' वैष्णव ने UPA सरकार को लेकर कहा कि 2014 से पहले रेलवे को एक दूध देने वाली गाय के बराबर में समझा जाता था।
उन्होंने कहा कि पहले ऐसी स्थिति थी कि रेल मंत्री केवल किसी गाड़ी के स्टॉपेज, एक्सेंटशन या नई गाड़ी की घोषणाओं पर ध्यान देते थे। जबकि पटरियों की कैपेसिटी है या नहीं, उसकी कोई चिंता नहीं होती थी। रेल मंत्री ने कहा कि इस तरह रेलवे का प्रशासन चला रहे थे। उनके लिए रेलवे फोकस नहीं था, बल्कि उनकी राजनीति फोकस थी।
'न्यूज18 राइजिंग भारत समिट 2024' में अश्विनी वैष्णव ने पूछा, "ATP (ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन) तकनीक भारत में 2016 में पेश की गई थी। पिछली सरकारों ने रेलवे सुरक्षा में निवेश क्यों नहीं किया?"
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 10 सालों में रेलवे में प्रैक्टली करीब-करीब सभी राज्य 100 फीसदी इलेक्ट्रीफाई हो गए हैं। मंत्री ने बताया कि 40,000 किलोमीटर रेलवे का इलेक्ट्रीफिकेशन हुआ। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दौरान करीब-करीब 30 हजार नए रेलवे ट्रैक बने। इतना जर्मनी का रेलवे ट्रैक है।
रेल मंत्री ने कहा कि नए जेनरेशन की 'वंदे भारत एक्सप्रेस' की ट्रेन आई। उन्होंने कहा कि आज वंदे भारत ट्रेन में मिडिल क्लास और एसपिरेशनल यूथ को ऐसा अनुभव मिल रहा है जो दुनिया की बेस्ट रेलवे सिस्टम मिलता है। साथ ही मंत्री ने कहा कि 'नमो भारत' ट्रेन भी काफी सफल है। इसके अलावा 'अमृत भारत' ट्रेन भी आ रही है। इन 10 सालों में देश को 'विकसित भारत' बनाने के लिए नींव बनी है।