Jammu Kashmir Lok Sabha Elections 2024: 'धरती का स्वर्ग' कहे जाने वाले जम्मू कश्मीर में इस बार लोकसभा चुनाव की लड़ाई काफी दिलचस्प रहने वाली है। चुनाव आयोग के ऐलान के मुताबिक, राज्य की 5 लोकसभा सीटों पर 5 चरण में मतदान होंगे। यह मतदान 19 अप्रैल से शुरू होकर 1 जून तक चलेगा। वहीं नतीजे देश भर में एक साथ 4 जून को आएंगे। जम्मू कश्मीर में इस बार चुनाव इसलिए भी काफी अलग रहेगा क्योंकि 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान यह एक अलग राज्य था, जिसके पास 6 लोकसभा सीटें थीं। लेकिन अब स्थिति बदल गई है। राज्य को दो अलग राज्यों- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बांट दिया है और ये दोनों अभी केंद्र शासित प्रदेश हैं।
बंटवारे के बाद से जम्मू-कश्मीर में अबतक विधानसभा चुनाव नहीं हुए हैं। ऐसे में इस लोकसभा चुनाव की अहमियत और बढ़ जाती है क्योंकि यह बंटवारे और आर्टिकल 370 को खत्म किए जाने के बाद राज्य में पहला बड़ा चुनाव होगा। आमतौर यहां चुनाव में पीडीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस जैसी क्षेत्रीय पार्टियों का ही दबदबा रहता है। हालांकि दोनों प्रमुख राष्ट्रीय पार्टियों- बीजेपी और कांग्रेस की भी यहां अच्छी उपस्थिति है।
जम्मू-कश्मीर लोकसभा चुनाव 2024 का पूरा शेड्यूल
- उधमपुर सीट पर 19 अप्रैल को पहले चरण में वोट डाले जाएंगे
- जम्मू लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे
- अनंतनाग-रजौरी सीट पर 7 मई को वोट डाले जाएंगे
- श्रीनगर में 13 मई को वोट डाले जाएंगे
- बारामूला सीट पर 20 मई को वोट डाले जाएंगे
लद्दाख में 20 मई को मतदान
लद्दाख में पांचवें चरण में 20 मई को लोकसभा के लिए मतदान होना है। केंद्र-शासित प्रदेश लद्दाख में एक ही लोकसभा सीट है।
देश में 7 चरण में होंगे लोकसभा चुनाव
देश भर में लोकसभा चुनाव 7 चरण में होंगे। पहला चरण 19 अप्रैल को होगा। सातवें और आखिरी चरण के लिए 1 जून को मतदान डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 4 जून को होगी। देखें पूरा शेड्यूल-
जम्मू-कश्मीर में कितनी लोकसभा सीटें हैं?
जम्मू-कश्मीर राज्य में पहले 6 लोकसभा सीटें हुआ करती थीं। 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में भी राज्य में 6 लोकसभा सीटों पर मतदान हुए थे। हालांकि लद्दाख के अलग हो जाने के बाद अब जम्मू-कश्मीर में लोकसभा सीटों की संख्या घटकर 5 हो गई हैं। ये 5 सीटे हैं- बारामूला, श्रीनगर, अनंतनाग, उधमपुर और जम्मू।
लोकसभा चुनाव 2019 में क्या रही थी स्थिति?
2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 3 सीटें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खाते में और बाकी 3 सीटें नेशनल कॉन्फ्रेंस के खाते में गई थीं। वहीं कॉन्ग्रेस और पीडीपी राज्य में अपना खाता नहीं खोल पाई थी।