JDU ने बिहार में I.N.D.I.A. गठबंधन के टूटने के लिए कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार, राहुल पर साधा निशाना

Bihar Political Crisis: जनता दल-यूनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि उन्हें I.N.D.I.A. और महागठबंधन में चीजें ठीक नहीं लग रही थीं, इसलिए उन्होंने BJP के साथ नया गठबंधन और नई सरकार बनाने का निर्णय लिया

अपडेटेड Jan 28, 2024 पर 5:30 PM
Nitish Kumar Resignation: नीतीश कुमार के इस फैसले से राहुल गांधी को भी बड़ा झटका लगा है

Bihar Political Crisis: जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने बिहार में विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) के टूटने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। नीतीश कुमार की पार्टी ने कहा कि इसके नेता अपनी पार्टी को मजबूत करने में लगे थे, विपक्षी गठबंधन को नहीं। JDU के प्रवक्ता के. सी. त्यागी ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस के भीतर का एक गुट I.N.D.I.A. गठबंधन का नेतृत्व हथियाना चाहता था और साजिश के तहत नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम गठबंधन के अध्यक्ष के तौर पर प्रस्तावित किया गया।

इस महीने की शुरुआत में I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक में खड़गे के बारे में लिए गए निर्णय से JDU को झटका लगा था। पार्टी का मानना था कि उसके अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम संयोजक के लिए प्रस्तावित किया जाएगा। JDU के एक अन्य प्रवक्ता राजीव रंजन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ऐसे व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाने की कोशिश में खुद को डुबो दिया जिसमें कोई योग्यता नहीं है और विपक्षी गठबंधन को नुकसान पहुंचाता है। माना जा रहा है कि उनका निशाना राहुल गांधी पर था।

रंजन ने कांग्रेस को भस्मासुर (पौराणिक मान्यताओं के अनुसार ऐसा राक्षस जो जिसे भी छूता था, वह भस्म हो जाता था) करार दिया। त्यागी ने कुमार पर अवसरवादी होने के कांग्रेस के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्य विपक्षी पार्टी की हठ के कारण ही I.N.D.I.A. गठबंधन को झटका लगा है। उन्होंने कहा कि JDU को बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ स्थानीय स्तर पर समस्या है, लेकिन उन्होंने इस घटनाक्रम के लिए कांग्रेस को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।


त्यागी ने कहा, "हमें खेद के साथ ही राहत भी है कि हमारे नेता I.N.D.I.A. गठबंधन बाहर निकल आए हैं।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने सहयोगियों जैसे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल होने का आदेश दिया जैसे वे उनकी पार्टी के कार्यकर्ता हों।

त्यागी ने कहा कि कांग्रेस ने उन राज्यों में कभी सहयोगियों की मदद नहीं की जहां उसकी स्थिति मजबूत है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) जैसी जमीनी स्तर की पार्टी, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे लोकप्रिय नेता कर रहे हैं, से मुकाबला करने के लिए I.N.D.I.A. गठबंधन के पास जरूरी दृष्टिकोण का अभाव है।

ये भी पढ़ें- राहुल गांधी के बिहार में एंट्री से पहले ही नीतीश कुमार ने कर दिया खेला, कांग्रेस ने बताया 'गिरगिट'

कांग्रेस का पलटवार

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और पाला बदलने के लिए नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए उन्हें विश्वासघात करने में माहिर करार दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) बनाने में अहम भूमिका निभाने वाला ही उसे धोखा देकर भारतीय जनता पार्टी (BJP)-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल हो रहा है। रमेश ने कहा कि राजनीतिक रंग बदलने की कुमार की प्रवृत्ति गिरगिट को भी मात देती है। उन्होंने कहा कि बिहार में राजनीतिक उथल-पुथल सोमवार को राज्य में प्रवेश करने वाली 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से ध्यान भटकाने की एक रणनीति है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।