Jharkhand Loksabha Election: झारखंड में 71 लाख युवा मतदाताओं को लुभाने की दौड़ में सभी दल
Jharkhand Loksabha Election: झारखंड BJP के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में "युवा लोगों के आदर्श" रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सोनल शांति ने कहा कि अगर विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (I.N.D.I.A.) सत्ता में आया, तो सबसे पहले 'अग्निवीर' योजना बंद करेगा
MoneyControl News
अपडेटेड Apr 01, 2024 पर 11:24 PM
Jharkhand Loksabha Election: झारखंड में 71 लाख युवा मतदाताओं को लुभाने की दौड़ में सभी दल
Jharkhand Loksabha Election: झारखंड (Jharkhand) में राजनीतिक दल 18 से 29 साल की उम्र के लगभग 71 लाख युवा मतदाताओं को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं, जो उनके उम्मीदवारों को चुनाव जितवाने मे अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) राज्य सरकार की ओर से युवाओं के लिए शुरू की गई, कई योजनाओं पर निर्भर है, जिनमें शिक्षा ऋण प्रदान करने से लेकर कौशल उपलब्ध कराना तक शामिल हैं।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दावा किया कि पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में युवाओं पर खास ध्यान दिया जाएगा, जबकि कांग्रेस (Congress) ने कहा कि उसके नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पहले ही युवाओं के लिए पांच वादों की घोषणा कर चुके है, जिसमें झारखंड समेत देश भर में 30 लाख खाली सरकारी पदों को भरना शामिल है।
झारखंड कितनी है वोटिर्स की संख्या?
राज्य मतदाता लिस्ट के अनुसार, लोकसभा चुनाव (Loksabha Election 2024) में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र 2.55 करोड़ मतदाताओं में से 70.83 लाख युवा मतदाता हैं और उनमें से 34.85 लाख महिलाएं हैं।
झारखंड में कुल युवा मतदाताओं में से 11.39 लाख महिलाओं समेत 22.33 लाख मतदाता 18 से 22 साल की उम्र के बीच के हैं और वह पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
राज्य वोटर लिस्ट के अनुसार, पहली बार मतदान करने वालों में 18 से 19 उम्र वर्ग के मतदाताओं की संख्या 8.08 लाख है, जिनमें 4.48 लाख महिला मतदाता शामिल हैं।
राज्य के सभी दलों के नेता संसदीय चुनावों में युवाओं का समर्थन जुटाने के लिए अपनी मौजूदा योजनाओं और वादों के साथ नौजवान मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं।
'मोदी की गारंटी' के भरोसे BJP
झारखंड BJP के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में "युवा लोगों के आदर्श" रहे हैं।
उन्होंने PTI से कहा, “प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकता वाले क्षेत्र में युवा रहे हैं। देश के युवाओं को लक्ष्य करते हुए स्टार्ट-अप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया और उद्यमिता प्रोत्साहन जैसे कई कार्यक्रम शुरू किए गए। उच्च शिक्षा के लिए, पिछले 10 सालों के दौरान IIT, IIM और AIIMS और दूसरे संस्थानों की संख्या में वृद्धि हुई है।”
शाहदेव ने कहा कि पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में युवाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।
'अग्नीवार' योजना बंद करेगी कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता सोनल शांति ने कहा कि अगर विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (I.N.D.I.A.) सत्ता में आया, तो सबसे पहले 'अग्निवीर' योजना बंद करेगा।
उन्होंने कहा, "अगर हम सत्ता में आए तो रोजगार सृजन पर हमारा खास ध्यान होगा। डिग्री और डिप्लोमा धारकों के लिए सालाना एक लाख रुपए के वजीफे के साथ गारंटीशुदा ट्रेनिंग शुरू की जाएगी और सरकारी क्षेत्र में 30 लाख से ज्यादा वैकेंसी भरी जाएंगी और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।”
JMM ने युवाओं के लिए चलाईं ये स्कीम
JMM के एक पदाधिकारी ने कहा कि झारखंड में गठबंधन सरकार ने युवाओं के लिए कई योजनाएं शुरू कीं, जिनमें शिक्षा ऋण के लिए 'गुरुजी क्रेडिट कार्ड', लड़कियों को तकनीकी शिक्षा के लिए 'मानकी मुंडा छात्रवृत्ति', 'मुख्यमंत्री सारथी योजना' और प्राइवेट कंपनियों में स्थानीय लोगों के लिए 75 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करना शामिल है।
उन्होंने कहा, "हम इन योजनाओं के जरिए युवा मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं।" राज्य की 14 लोकसभा सीट पर 13 मई से एक जून के बीच चार चरणों में चुनाव होंगे।