Kerala Loksabha Election: केरल लोकसभा चुनाव में राजनीतिक हालात कुछ ऐसे बन गए हैं कि बाप और बेटा ही बयानबाजी में आमने-सामने आ गए। ये सब तब शुरू हुई, जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता एके एंटनी (AK Antony) ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि उनके बेटे और BJP उम्मीदवार अनिल एंटनी (Anil Antony) लोकसभा चुनाव में अपनी सीट से हार जाएंगे। हालांकि, अनिल ने अपने पिता के इस बयान को काफी दुर्भाग्यपूरण बताया और कहा, "एक पूर्व रक्षा मंत्री को भारत विरोधी रुख रखने वाली पार्टी का समर्थन करते देखना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।"
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, एंटनी ने कहा कि उनके बेटे की पार्टी को हारना चाहिए, और उनके प्रतिद्वंद्वी, दक्षिण केरल निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार, एंटो एंटनी को जीतना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बच्चों के बीजेपी में शामिल होने की हरकत को भी 'गलत' बताया।
एके एंटनी बोले- कांग्रेस मेरा धर्म
एंटनी ने अपने बेटे की राजनीति के बारे में बार-बार पूछे गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "कांग्रेस मेरा धर्म है।" 6 अप्रैल, 2023 को BJP में शामिल हुए 38 साल के जूनियर एंटनी का पथानामथिट्टा में मुकाबला मौजूदा सांसद और कांग्रेस नेता एंटो एंटनी से है।
अनिल एंटनी ने अपने पिता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए Moneycontrol से कहा, “मेरे मन में अपने पिता के प्रति बहुत सम्मान है, लेकिन मैं वास्तव में उनके बयान की सराहना नहीं करता। वह उस पार्टी (कांग्रेस) के साथ खड़े हैं, जिसके नेताओं ने हमारे जवानों के बलिदान का अपमान किया है।"
उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण के लिए खड़े होने के बजाय, कांग्रेस नेता हमेशा हमारी सेनाओं की आलोचना करते देखे जाते हैं। और एक पूर्व रक्षा मंत्री (मेरे पिता) को उस पार्टी का समर्थन करते देखना दुर्भाग्यपूर्ण है।"
पिता की पार्टी पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रही- अनिल
पूर्व रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, BJP और उसके वैचारिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ लड़ रहे हैं। अनिल ने कहा, कांग्रेस हमेशा निहित स्वार्थों के लिए खड़ी रही है और उसके नेताओं ने केवल एक परिवार का समर्थन किया है।
अनिल ने कहा, “मेरे पिता को यहां की गंभीरता को समझने की जरूरत है। उनकी पार्टी ऐसे बयानों से पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रही है।"
उन्होंने दावा किया कि केरल में धारणा, जहां विधानसभा के साथ-साथ लोकसभा में भी चुनावी सफलता पार्टी को नहीं मिली है, BJP के पक्ष में जा रही है।