Odisha Lok Sabha Elections 2024: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम चुनाव 2024 के पांच चरण पूरे होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 310 लोकसभा सीटें मिलने का दावा किया है। एक चुनावी रैली के दौरान शाह ने ओडिशा के लोगों से मंगलवार (21 मई) को अपील की कि वे राज्य को 'बाबू-राज' से आजाद कराएं और BJP को केंद्र एवं राज्य दोनों में सरकार बनाने के लिए समर्थन दें। शाह ने संबलपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार ओडिशा में बीजेपी का चुनाव चिह्न 'कमल' खिलेगा। बता दें कि संबलपुर सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मैदान में उतारा है।
