'संसद विच भगवंत मान, खुशहाल पंजाब...' केजरीवाल ने पंजाब में शुरू किया AAP का लोकसभा कैंपेन

Lok Sabha Election 2024: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा केंद्र सरकार ने कथित रूप से पंजाब के 8,000 करोड़ रुपये रोके हैं, जो बहुत सारा पैसा है। उन्होंने कहा कि इस धन से कितने स्कूल, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक का निर्माण हो सकता है

अपडेटेड Mar 11, 2024 पर 7:09 PM
Lok Sabha Election 2024: केजरीवाल ने सोमवार को पंजाब में AAP के लोकसभा कैंपेन की शुरुआत कर दी

Lok Sabha Election 2024: आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने सोमवार (11 मार्च) को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पंजाब में अपनी पार्टी का चुनाव अभियान शुरू किया। एक कार्यक्रम में AAP ने नारा दिया- ''संसद विच भगवंत मान, खुशहाल पंजाब ते बढ़ेगी शानठ (संसद में भगवंत मान, खुशहाल पंजाब की बढ़ेगी शान)। इस दौरान केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भगवंत मान सरकार को गिराने के लिए आप के विधायकों को साधने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर आप को जिताने का आह्वान किया।

केजरीवाल ने कहा, ''हमें अपने लिए इन सीटों की जरूरत नहीं है बल्कि आपके परिवार के लिए अधिक काम करने और उन्हें अधिक समृद्ध बनाने के लिए जरुरत है। पंजाब को 'रंगला' बनाने के लिए हमें 13 सीटें चाहिए।''

एक सभा को संबोधित करते हुए, केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर पंजाब के लिए 8,000 करोड़ रुपये की राशि को रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा मान सरकार को गिराने के लिए उनके विधायकों से संपर्क साध रही है।


केंद्र पर केजरीवाल का आरोप

उन्होंने कहा केंद्र सरकार ने कथित रूप से पंजाब के 8,000 करोड़ रुपये रोके हैं, जो बहुत सारा पैसा है। उन्होंने कहा कि इस धन से कितने स्कूल, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक का निर्माण हो सकता है। केजरीवाल ने गणतंत्र दिवस की परेड में पंजाब की झांकी को शामिल नहीं किए जाने के लिए भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे पंजाब की झांकी को कैसे अस्वीकार सकते हैं।

उन्होंने केंद्र और पंजाब के राज्यपाल पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को हर दिन परेशान करने का भी आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि एक समय था जब पंजाब में चारों ओर नकारात्मकता थी और कानून-व्यवस्था की समस्या थी, बिजली के बिल बढ़ रहे थे, बिजली कटौती हो रही थी और किसान तथा व्यापारी परेशान थे।

ये भी पढ़ें- UP: गाजीपुर में दर्दनाक हादसा! हाईटेंशन तार बस पर गिरने से 5 लोगों की मौत, सीएम ने मुआवजे का किया ऐलान

उन्होंने कहा, ''आज चारों ओर सिर्फ सकारात्मकता है। राज्य में उद्योगपति लौट रहे हैं, वे यहां उद्योग खोलना चाहते हैं। युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं, मोहल्ला क्लीनिक खुल रहे हैं, लेकिन अब भी बहुत कुछ होना बाकी है।'' AAP प्रमुख ने कहा कि लोकसभा चुनाव आ रहे हैं, इसलिए हमें पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटें चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।