'मां के सामने रोते हुए कहा था...' राहुल गांधी के दावे पर अशोक चव्हाण ने दिया ये जवाब

Lok Sabha Election 2024: राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की टिप्पणी को उन्होंने बेबुनियाद बताकर खारिज कर दिया। लोकसभा चुनाव से पहले रविवार को मुंबई में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा किया था कि महाराष्ट्र के एक नेता ने उनकी मां सोनिया गांधी के सामने रोते हुए कहा था कि उन्हें शर्म आती है कि वह इस ताकत से और नहीं लड़ सकते और वह जेल नहीं जाना चाहते।

अपडेटेड Mar 18, 2024 पर 2:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
राहुल गांधी के दावे पर चव्हाण ने सोमवार को एक वीडियो संदेश जारी किया

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद अशोक चव्हाण (Ashok Chavan) ने सोमवार (18 मार्च) को कहा कि वह कांग्रेस छोड़ने से पहले पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से नहीं मिले थे। इस बारे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की टिप्पणी को उन्होंने बेबुनियाद बताकर खारिज कर दिया। लोकसभा चुनाव से पहले रविवार को मुंबई में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा किया था कि महाराष्ट्र के एक नेता ने उनकी मां सोनिया गांधी के सामने रोते हुए कहा था कि उन्हें शर्म आती है कि वह इस ताकत से और नहीं लड़ सकते और वह जेल नहीं जाना चाहते।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चव्हाण ने सोमवार को एक वीडियो संदेश में कहा कि राहुल गांधी ने रविवार को एक रैली में बयान दिया और किसी का नाम नहीं लिया है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "अगर वह मेरे बारे में ऐसा कह रहे हैं तो यह अतार्किक और बेबुनियाद है। सच तो यह है कि कांग्रेस से इस्तीफा देने तक मैं पार्टी मुख्यालय में काम कर रहा था।"

उन्होंने कहा, "मैंने विधायक पद से इस्तीफा दिया और कुछ देर बाद पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया। तब तक किसी को नहीं पता था कि मैंने इस्तीफा दे दिया है।" चव्हाण ने कहा, "मैं सोनिया गांधी से कभी नहीं मिला। यह कहना बेबुनियाद है कि मैंने सोनिया गांधी से मुलाकात की और अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। यह चुनाव के दृष्टिकोण से दिया गया एक राजनीतिक बयान है।"


कांग्रेस छोड़ने के बाद चव्हाण भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। BJP ने राज्यसभा चुनाव में उन्हें महाराष्ट्र से टिकट दिया था। बाद में वह राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए। राहुल गांधी ने उपरोक्त बयान 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' कार्यक्रम में दिया था।

ये भी पढ़ें- तेलंगाना की राज्यपाल सौंदरराजन ने दिया इस्तीफा, लड़ सकती हैं लोकसभा चुनाव

केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी संभवतः उत्तर प्रदेश में पार्टी के गढ़ माने जाने वाले अमेठी से भी 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। मतदान 19 अप्रैल से शुरू होगा और परिणाम 4 जून 2024 को घोषित किया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि 17वीं लोकसभा विधानसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।