Lok Sabha Elections 2024: बीजेपी की 5वीं लिस्ट जारी! कंगना रनौत मंडी से लड़ेंगी चुनाव, अरुण गोविल को मेरठ से मिला टिकट, वरुण गांधी OUT

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सहित पार्टी के प्रमुख चेहरों के नामों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है और वे सभी अपने मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं

अपडेटेड Mar 24, 2024 पर 9:53 PM
Story continues below Advertisement
Lok Sabha Elections 2024: कंगना रनौत मंडी से जबकि अरुण गोविल को BJP ने मेरठ से टिकट दिया है।

Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा चुनाव के लिए रविवार (24 मार्च) को पांचवीं लिस्ट जारी कर दी। बीजेपी की पांचवी लिस्ट में 111 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। लिस्ट के मुताबिक, मेनका गांधी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से लोकसभा लड़ेंगी। जबकि रविवार को ही कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थामने वाले उद्योगपति और पूर्व सांसद नवीन जिंदल को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से टिकट मिला है।

गाजियाबाद से केंद्रीय मंत्री वीके सिंह का टिकट काटकर उनकी जगह स्थानीय विधायक अतुल गर्ग को टिकट दिया गया है। निवर्तमान लोकसभा में गाजियाबाद से भारतीय जनता पार्टी के सदस्य और केंद्रीय मंत्री जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह ने रविवार को आम चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की थी।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का बिहार के बक्सर से टिकट कट गया है। वहीं, फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut from Mandi) को हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी ने टिकट दिया है। जबकि टीवी पर भगवान राम का किरदार निभाने वाले मसहूर अभिनेता अरुण गोविल को यूपी के मेरठ से उम्मीदवार बनाया गया है।


वरुण गांधी और अश्विनी चौबे  का टिकट कटा

बक्सर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का टिकट काटकर उनके स्थान पर मिथिलेश तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है। पीलीभीत से वर्तमान सांसद वरुण गांधी का टिकट काटकर उनके स्थान पर राज्य सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि उनकी मां मेनका गांधी को सुल्तानपुर से फिर से टिकट दिया गया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा के संबलपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एक बार फिर बेगूसराय से चुनाव लड़ेंगे। जबकि बिहार से ताल्लुक रखने वाले अन्य केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय उजियारपुर से, आर के सिंह आरा से, रामकृपाल यादव पाटलिपुत्र से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद को एक बार फिर पटनासाहिब से और सुशील कुमार सिंह को औरंगाबाद से टिकट दिया गया है। राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर को नवादा से उम्मीदवार बनाया गया है।

हेमंत सोरेन की भाभी को मिला टिकट

पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह पूर्वी चम्पारण से जबकि संजय जायसवाल एक बार फिर पश्चिमी चम्पारण से चुनाव लड़ेंगे। झारखंड के दुमका से बीजेपी ने सीता सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। सीता सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी हैं और पिछले दिनों उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड़ सीट से बीजेपी ने केरल इकाई के पूर्व अध्यक्ष के सुरेंद्रन को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी अब तक 291 लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, केरल और तेलंगाना समेत अन्य राज्यों के उम्मीदवार शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: बीएसपी ने 16 उम्मीदवारों की जारी की पहली लिस्ट, 7 मुस्लिम नेताओं पर लगाया दांव

भोजपुरी गायक पवन सिंह सहित घोषित उम्मीदवारों में से तीन ने विवाद होने के बाद अपने नाम वापस ले लिए हैं। चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सहित पार्टी के प्रमुख चेहरों के नामों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। वे सभी अपने मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। लोकसभा की 543 सीट के लिए 19 अप्रैल से 1 जून के बीच 7 चरणों में चुनाव होना है। जबकि देशभर में मतगणना 4 जून को एक साथ होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।