Lok Sabha Elections 2024: BJP ने जारी की 8वीं लिस्ट! परनीत कौर पटियाला से लड़ेंगी चुनाव, सनी देओल का पत्ता कटा

Lok Sabha Elections 2024: पंजाब के पटियाला से परनीत कौरको टिकट मिला है। वह पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी हैं। गुरदासपुर लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद और एक्टर सनी देओल का पत्ता कट गया है। उनकी जगह दिनेश सिंह 'बब्बू' को टिकट दिया गया है

अपडेटेड Mar 30, 2024 पर 10:57 PM
Lok Sabha Elections 2024: पूर्व राजदूत तरणजीत सिंह संधू अमृतसर से चुनावी मैदान में उतरेंगे

Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार (30 मार्च) को आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 11 उम्मीदवारों की आठवीं लिस्ट जारी की। केंद्र में सत्ताधारी पार्टी ने अमेरिका में पूर्व भारतीय राजदूत तरणजीत सिंह संधू को अमृतसर से टिकट दिया है। पंजाब के पटियाला से परनीत कौर (Preneet Kaur) को टिकट मिला है। वह पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी हैं। गुरदासपुर लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद और एक्टर सनी देओल (Sunny Deol) का पत्ता कट गया है। उनकी जगह दिनेश सिंह 'बब्बू' को टिकट दिया गया है।

बीजेपी की ओर से जारी इस लिस्ट में ओडिशा के लिए 3, पंजाब के लिए 6 और पश्चिम बंगाल के लिए दो उम्मीदवार घोषित किए हैं। इस लिस्ट में दलबदलुओं को वरीयता दी गई है। हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर BJP में आए सुशील रिंकू को पंजाब के जालंधर सीट से, जबकि कांग्रेस का दामन छोड़कर इस पार्टी में शामिल रवनीत सिंह बिट्टू एवं परनीत कौर को क्रमश: लुधियाना और पटियाला सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

बीजू जनता दल (BJD) छोड़कर BJP में शामिल हुए भर्तृहरि महताब को ओडिशा के कटक से टिकट दिया गया है। वह कटक से निवर्तमान सांसद और BJD के संस्थापक सदस्य हैं। उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से टिकट गंवाने वाले हंस राज हंस को बीजेपी ने पंजाब के फरीदकोट से उम्मीदवार बनाया है।


इसके अलावा पश्चिम बंगाल की वीरभूम संसदीय सीट से बीजेपी ने पूर्व IPS अधिकारी देवाशीष धर को टिकट दिया है। पार्टी ने झाड़ग्राम से प्रणत टुडू को उम्मीदवार बनाया है। ओडिशा के जाजपुर से रवींद्र नारायण बेहरा और कंधमाल से सुकांत कुमार पाणिग्रही को उम्मीदवार बनाया गया है। बीजेपी ने अब तक 411 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून के बीच होने हैं।

पीएम मोदी 2 अप्रैल को चुनावी अभियान की करेंगे शुरूआत

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड में उधम सिंह नगर जिले के रूद्रपुर में 2 अप्रैल को एक जनसभा को संबोधित करने के साथ राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के चुनावी प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगे। उत्तराखंड में लोकसभा की पांचों सीटों पर आम चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है। इन सभी सीटों पर 2014 से बीजेपी का कब्जा है।

बीजेपी की उत्तराखंड इकाई के मीडिया प्रभारी मानवीर चौहान ने बताया कि प्रदेश पार्टी महासचिव खिलेंद्र चौधरी और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को दो अप्रैल को रूद्रपुर में होने वाले प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के लिए समन्वयक बनाया गया है।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: महाराष्ट्र में बारामती बना सबसे हॉट सीट, ननद और भाभी के बीच होगा हाई-प्रोफाइल मुकाबला

उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल को BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा पिथौरागढ़ और देहरादून के विकासनगर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद रोड शो करेंगे। उन्होंने बताया कि नड्डा 4 अप्रैल को हरिद्वार में संत समाज के साथ एक बैठक करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।