Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने 16 नए कैंडिडेट किए घोषित, मंडी में कंगना को विक्रमादित्य सिंह देंगे टक्कर

Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने गुजरात से चार और ओडिशा से 9 उम्मीदवारों की भी घोषणा की। पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी को चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। तिवारी का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन से होगा। कांग्रेस ने गुजरात में 5 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव के लिए भी 5 उम्मीदवारों की घोषणा की

अपडेटेड Apr 14, 2024 पर 11:12 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
उम्मीदवारों का चयन दिल्ली में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के दौरान किया गया।

Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने 13 अप्रैल को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 16 और उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी को चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। वहीं हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से विक्रमादित्य सिंह को मैदान में उतारा है। सिंह की टक्कर बीजेपी उम्मीदवार और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत से होगी। विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह के बेटे हैं और ​राज्य सरकार में मंत्री हैं। साथ ही वह मंडी से मौजूदा सांसद भी हैं। उम्मीदवारों का चयन दिल्ली में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के दौरान किया गया।

चंडीगढ़ में कांग्रेस उम्मीदवार मनीष तिवारी का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन से होगा। टंडन दिवंगत भाजपा नेता बलरामजी दास टंडन के बेटे हैं। पार्टी ने शिमला-एससी निर्वाचन क्षेत्र से अनुभवी कांग्रेस नेता के डी सुल्तानपुरी के बेटे विनोद सुल्तानपुरी को मैदान में उतारा है। इसके अलावा गुजरात से चार और ओडिशा से 9 उम्मीदवारों की भी घोषणा की। कांग्रेस ने गुजरात में 5 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव के लिए भी 5 उम्मीदवारों की घोषणा की।

गुजरात, ओडिशा में कौन से नाम घोषित


गुजरात के उम्मीदवारों में मेहेसाणा से रामजी ठाकोर (पालवी), अहमदाबाद पूर्व से हिम्मतसिंह पटेल, राजकोट से परेशभाई धनानी और नवसारी सीट से नैषध देसाई शामिल हैं। ओडिशा में पार्टी ने क्योंझर-एसटी सीट से मोहन हेम्ब्रम, बालासोर से श्रीकांत कुमार जेना, भद्रक-एससी सीट से अनंत प्रसाद सेठी, जाजपुर-एससी सीट से आंचल दास, ढेंकलां से सश्मिता बेहरा, केंद्रपाड़ा से सिद्धार्थ स्वरूप दास, जगतसिंहपुर-एससी से रबींद्र कुमार सेठी, पुरी से सुचरिता मोहंती और भुवनेश्वर से यासिर नवाज को मैदान में उतारा है।

Pilibhit Loksabha: पीलीभीत में गूंज रही है वरुण गांधी की चुप्पी, BJP ने सीट बचाने के लिए लगाया पूरा जोर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।