Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। गुजरात में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका देते हुए पार्टी नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहन गुप्ता (Rohan Gupta Resigns From Congress) ने शुक्रवार (22 मार्च) को इस्तीफा दे दिया। अहमदाबाद पूर्व से कांग्रेस के उम्मीदवार बनाए गए गुप्ता ने एक दिन पहले कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। रोहन गुप्ता 2022 से पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। हाल ही में उन्हें पार्टी ने गुजरात की अहमदाबाद पूर्व लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए चुना था। गुप्ता पहले कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं।
गुप्ता ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के माध्यम से घोषणा की कि वह अपने पिता की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के कारण चुनावी मुकाबले से हट रहे हैं। उन्होंने गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल को हाथ से लिखे गए एक पत्र की एक तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें चुनावी मैदान से हटने के अपने फैसले की जानकारी दी गई थी। गुप्ता का नाम 12 मार्च को पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवारों की सूची में था।
अब पार्टी से दिया इस्तीफा
अहमदाबाद पूर्व से कांग्रेस के उम्मीदवार बनाए गए रोहन गुप्ता ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजे इस्तीफे में रोहन गुप्ता ने कहा है कि मैं पिछले तीन दिनों से अपने पिता के खराब स्वास्थ्य की दिक्कत से जूझ रहा हूं। कांग्रेस पार्टी को 40 देने वाले मेरे पिता के साथ किस तरह का सलूक किया गया। इस बारे में उन्होंने अपना दर्द बयां किया है। गुप्ता ने कहा कि उनके आंसु थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। उन्होंने आगे लिखा है कि मैं नहीं चाहता हूं कि कांग्रेस में रहकर पिता की तरह अपने नेताओं के विश्वासघात की कीमत चुकाऊं।
अपने इस्तीफे के साथ उन्होंने लिखा, "मैंने अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का अपने जीवन का सबसे कठिन निर्णय लिया। अब मैं संचार विभाग से जुड़े नेता द्वारा लगातार अपमान और चरित्र हनन के कारण पिछले 15 वर्षों तक पार्टी की सेवा करने के बाद पार्टी छोड़ने का एक और सबसे कठिन निर्णय ले रहा हूं।"
पिता की वजह से चुनाव नहीं लड़ने का फैसला
कांग्रेस नेता रोहन गुप्ता ने दावा किया है कि उन्होंने अपने पिता के जोर देने पर अहमदाबाद (पूर्व) लोकसभा सीट से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का फैसला किया है। रोहन के पिता राजकुमार गुप्ता ने 2004 के लोकसभा चुनाव में तत्कालीन अहमदाबाद सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वह असफल रहे थे। इस सीट को बाद में अहमदाबाद-पूर्व और अहमदाबाद-पश्चिम निर्वाचन क्षेत्रों में विभाजित कर दिया गया था।
रोहन के मुताबिक, उनके पिता नहीं चाहते कि उन्हें (रोहन को) वही अनुभव हो जो उन्होंने 20 साल पहले चुनावी प्रतियोगिता के दौरान झेला था। रोहन ने मंगलवार रात पत्रकारों से कहा था कि उनके पिता उनके चुनाव लड़ने के फैसले से खुश नहीं हैं। उन पर दबाव डालने के लिए उन्होंने कुछ दिन पहले कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और पार्टी के साथ अपने दशकों पुराने रिश्ते भी तोड़ दिए।
रोहन ने दावा करते हुए कहा, "मेरे पिता बेहोश हो गए और उन्हें ICU में ले जाना पड़ा, लेकिन उन्होंने इंजेक्शन लेने से इनकार कर दिया और मुझसे लिखित में आश्वासन देने को कहा कि मैं चुनाव नहीं लड़ने की उनकी इच्छा का पालन करूंगा।" वर्ष 2004 के लोकसभा चुनावों में राजकुमार गुप्ता को BJP के हरिन पाठक ने 77,000 वोट के अंतर से हराया था।