"यूपी में अब बमबाजी नहीं होगी, 'हर-हर, बम-बम' होगा", बदायूं और पीलीभीत में गरजे सीएम योगी

UP Lok Sabha Election 2024: सीएम योगी ने कहा कि देश की सीमाएं पूरी तरह से सुरक्षित हैं, कश्मीर में आतंकवाद, पूर्वोत्तर के राज्यों का उग्रवाद और नक्सलवाद पूरी तरह से खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधी-माफिया पस्त हैं और बेटी-व्यापारी सुरक्षित हैं और प्रदेश दंगा मुक्त हो चुका है

अपडेटेड Apr 02, 2024 पर 6:20 PM
UP Lok Sabha Election 2024: सीएम ने कहा कि यूपी में कर्फ्यू पर पूरी तरह से लगाम लगी है, लेकिन कांवड़ यात्रा धूमधाम से निकल रही है

UP Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी लोकसभा चुनाव को 'भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने' के बीच का मुकाबला करार देते हुए मंगलवार (2 अप्रैल) को दावा किया कि सिर्फ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ही भ्रष्टाचारियों और माफिया तत्वों को जेल में डाल सकती है। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि पहले की सरकारों में बम विस्फोट होते थे लेकिन अब 'हर-हर, बम-बम' होगा। आदित्यनाथ ने बदायूं और पीलीभीत लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित सम्मेलनों को सम्बोधित किया।

सीएम योगी ने कहा कि देश की सीमाएं पूरी तरह से सुरक्षित हैं, कश्मीर में आतंकवाद, पूर्वोत्तर के राज्यों का उग्रवाद और नक्सलवाद पूरी तरह से खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधी-माफिया पस्त हैं और बेटी-व्यापारी सुरक्षित हैं और प्रदेश दंगा मुक्त हो चुका है। प्रदेश में कर्फ्यू पर पूरी तरह से लगाम लगी है, लेकिन कांवड़ यात्रा धूमधाम से निकल रही है।

सीएम योगी ने कहा, "हमें देखना होगा...एक तरफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन है। सपा और कांग्रेस के लोग क्या नहीं करते थे..क्या नहीं बोलते थे प्रदेश के बारे में बाहर जाकर...बदमान करते थे राज्य को..अराजकता फैलाते थे ये लोग...कांवड़ यात्रा पर बैन लगाते थे। ये कर्फ्यू के समर्थक हैं। हमने कहा नए यूपी में कर्फ्यू नहीं कांवड़ यात्रा चलेगी। इनके समय में गुंडे जगह-जगह बमबाजी करते थे। हमने कहा- उत्तर प्रदेश में 'बमबाजी' नहीं होगी, 'हर-हर, बम-बम' होगा।"


'भ्रष्टाचार बनाम जीरो टॉलरेंस'

उन्होंने आगे कहा, ''देश का अगले लोकसभा चुनाव में भ्रष्टाचार बनाम जीरो टॉलरेंस (भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करना) का मुकाबला है। भ्रष्टाचारियों और माफिया की जगह जेल में होनी चाहिये। यह तय करने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति की सरकार चाहिए। यह कार्य भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में ही हो सकता है।'' सीएम योगी ने यह भी कहा कि इस बार परिवारवादियों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 140 करोड़ भारतीयों के परिवार के बीच चुनाव होने जा रहा हैं।

धर्मेंद्र यादव पर कसा तंज

सीएम योगी ने बदायूं से समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव का नाम लिए बगैर उन पर कटाक्ष करते हुए कहा, ''जैसे ही बदायूं से (बीजेपी उम्मीदवार) दुर्विजय सिंह शाक्य का टिकट घोषित किया गया, समाजवादी पार्टी के एक प्रत्याशी भाग गए।'' आदित्यनाथ ने बदायूं से सपा के घोषित प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव पर परोक्ष रूप से तंज कसा और कहा, ''(सपा के) दूसरे प्रत्याशी का नाम फाइनल हुआ। अब वह भी भागने की तैयारी कर रहे हैं।''

मुख्यमंत्री ने कहा, ''वर्ष 2014 के पहले देश में अविश्वास और अराजकता थी। आम जनमानस में सरकार, सत्ता और राजनीतिज्ञों के प्रति विश्वास नहीं रह गया था। ऐसे में दुनिया ने भारतवासियों को सम्मान देना बंद कर दिया था। वह एक दौर था, जब अन्नदाता किसान आत्महत्या कर रहे थे। युवा पलायन को मजबूर थे, देश में उग्रवाद और नक्सलवाद हावी था। वर्ष 2014 के बाद (केंद्र में बीजेपी की सरकार बनने पर) देश की तस्वीर बदल गई।''

'दुनिया नए भारत का दर्शन कर रही'

उन्होंने दावा किया कि आज दुनिया नए भारत का दर्शन कर रही है। इसमें सुरक्षा, समृद्धि, नौजवान को रोजगाार और आमजन को आस्था की गारंटी मिल रही है। आज दुनिया में देश का सम्मान बढ़ा है। आदित्यनाथ ने यह भी दावा किया कि देश और प्रदेश का नौजवान अब पलायन नहीं करता है बल्कि खुद का स्टार्टअप स्थापित कर रहा है। बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं, बल्कि फाइटर पायलट बनकर भारत की सुरक्षा का सिंहनाद कर रही हैं।

ये भी पढ़ें- 'BJP यानी विकास, जबकि कांग्रेस मतलब हर बीमारी की जड़', राजस्थान में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अपनी विरासत और विकास दोनों में बेहतर समन्वय बनाकर कार्य कर रहा है। पीलीभीत में मेडिकल कॉलेज, रोड और पुल के सारे प्रस्ताव को स्वीकृत कर सरकार ने विकास की नई धारा के साथ इसे जोड़ने का काम किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।