एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स और नेशनल इलेक्शन वॉच ने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मैदान में उतरे उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामों की जांच-पड़ताल की, जिससे ये मालूम पड़ता है कि इस चरण में कुल 250 उम्मीदवारों ऐसे हैं, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं और इनमें से तीन पर हत्या के आरोप हैं। चुनाव के दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 1,198 उम्मीदवारों में से 1,192 पर विश्लेषण किया गया।
ADR के विश्लेषण के अनुसार, इन 1,192 उम्मीदवारों में से 21 प्रतिशत या 250 उम्मीदवार आपराधिक मामलों में आरोपी हैं, जबकि 14 प्रतिशत या 167 उम्मीदवार गंभीर आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं।
टॉप तीन उम्मीदवारों में से दो बीजेपी के
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में अपने खिलाफ सबसे ज्यादा आपराधिक मामले घोषित करने वाले टॉप तीन उम्मीदवारों में से दो बीजेपी से हैं और एक कांग्रेस का है। पहले नंबर पर केरल के वायनाड से बीजेपी उम्मीदवार के सुरेंद्रन का नाम हैं। उनके खिलाफ कुल 243 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें से 139 गंभीर केस हैं।
लिस्ट में दूसरा नाम केरल के एर्नाकुलम से BJP उम्मीदवार डॉ. केएस राधाकृष्णन का है, जिनके खिलाफ 211 अपराधिक मामले हैं और इनमें से पांच गंभीर अपराध के मुकदमे हैं। इसी तीसरा नाम केरल के इडुक्की से कांग्रेस उम्मीदवार डीन कुरियाकोस है। उनके खिलाफ 88 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 23 गंभीर मामले हैं।
तीन उम्मीदवारों के खिलाफ हत्या के मामले दर्ज
इसमें दिखाया गया है कि तीन उम्मीदवारों के खिलाफ हत्या के मामले दर्ज हैं, जबकि 24 हत्या की कोशिश के मामलों में फंसे हैं। 25 उम्मीदवारों ने महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामलों की घोषणा की है और उनमें से एक पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 के तहत बलात्कार का आरोप है।
विश्लेषण से पता चला कि 21 उम्मीदवार नफरत फैलाने वाले भाषण (Hate Speech) के मामलों से जुड़े हैं। इससे यह भी पता चला कि लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के दूसरे चरण (Phase 2) में जिन 89 सीटों पर मतदान होना है, उनमें से 52 'रेड अलर्ट' निर्वाचन क्षेत्र हैं।
'रेड अलर्ट' संसदीय सीट, वो हैं जहां तीन या उससे ज्यादा उम्मीदवारों ने अपने हलफनामे में आपराधिक मामलों की घोषणा की है।
विश्लेषण से पता चला कि प्रमुख दलों में, BJP के 69 में से 31 उम्मीदवारों, कांग्रेस के 68 में से 35 उम्मीदवारों, CPI के सभी पांच उम्मीदवारों, सपा के सभी चार उम्मीदवार, तीन में से दो उम्मीदवार शिवसेना से, चार में से दो उम्मीदवार शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) से और पांच में से दो उम्मीदवार JDU से हैं, जिनके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।