Lok Sabha Elections 2024: महाराष्ट्र में NDA की सीट शेयरिंग फाइनल! अमित शाह ने एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के साथ देर रात की चर्चा

Lok Sabha Elections 2024: इलेक्शन कमिशन 14 या 15 मार्च को लोकसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है। आयोग की टीमों ने अब तक कई राज्यों का दौरा कर लिया है। आयोग की टीमें चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठकें भी कर रही हैं

अपडेटेड Mar 06, 2024 पर 10:30 AM
Lok Sabha Elections 2024: महाराष्ट्र में बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है

Maharashtra Lok Sabha Elections 2024: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने मंगलवार को मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सहयोगियों सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजीत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के साथ देर रात बैठक की। इस मैराथन बैठक में महाराष्ट्र में सीट बंटवारे पर चर्चा हुई। दरअसल, महाराष्ट्र में सीट-बंटवारे को अंतिम रूप देना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के लिए मुश्किल साबित होता जा रहा है। राज्य में तीन प्रमुख साझेदार हैं, जिसमें बीजेपी, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजीत पवार की NCP शामिल है।

सूत्रों ने बताया कि दोनों सहयोगी पार्टियां बीजेपी पर अधिक संख्या में सीटें देने पर जोर दे रही है। बीजेपी के मुख्य संकटमोचक और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को अन्य दलों के नेताओं के साथ देर रात बैठक की। सूत्रों ने कहा कि सीट शेयरिंग लगभग फाइनल हो गया है और जल्द ही आधिकारिक ऐलान होने की उम्मीद है।

दो दिवसीय दौरे पर हैं अमित शाह


अमित शाह दो दिवसीय महाराष्ट्र दौरे पर हैं। मुंबई आने से पहले उन्होंने मंगलवार को अकोला, जलगांव और छत्रपति संभाजी नगर में बैठकें और रैलियां कीं। उनकी यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब महायुति के सहयोगी दल पहले की तुलना में अधिक संख्या में सीटें देने पर जोर दे रहे हैं।

30 सीटों पर लड़ना चाहती है बीजेपी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से बीजेपी 30 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि शिवसेना 20 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। वहीं, NCP ने 12 सीटों पर दावा किया है। एक बीजेपी नेता ने कहा कि जल्द ही आम सहमति बन जाएगी। शाह द्वारा शिवसेना और एनसीपी नेताओं से बात करने के बाद सीट-बंटवारे समझौते की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: वरुण या मेनका गांधी पर भरोसा जताएगी BJP? बांसुरी नगरी पीलीभीत में कौन छेड़ेगा जीत का सुर

शाह रात करीब 10.15 बजे मालाबार हिल स्थित सरकारी गेस्ट हाउस 'सह्याद्री' पहुंचे। बैठक में शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, बीजेपी नेता एवं उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस और NCP प्रमुख उपमुख्यमंत्री अजीत पवार शामिल हुए। शाह की यात्रा BJP द्वारा आगामी लोकसभा चुनावों के लिए 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी करने के कुछ दिनों बाद हो रही है, जिसमें महाराष्ट्र से किसी भी उम्मीदवार का नाम नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।