Lok Sabha Elections 2024: महाराष्ट्र में 30 सीटों पर लड़ना चाहती है बीजेपी, अमित शाह ने शिंदे और पवार से चर्चा की

Lok Sabha Elections 2024: बीजेपी ने 2019 में महाराष्ट्र में लोकसभा की 25 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इसमें उसने 23 सीटें जीती थी। महाराष्ट्र में लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं। 2019 में शिवसेना का बंटवारा नहीं हुआ था। एनसीपी का भी बंटवारा नहीं हुआ था। इस बार भाजपा राज्य की 30 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है

अपडेटेड Mar 09, 2024 पर 1:18 PM
Lok Sabha Elections 2024: बताया जाता है कि महाराष्ट्र की कुछ लोकसभा सीटों को लेकर बीजेपी का सहयोगी दलों के साथ कुछ मतभेद है।

Lok Sabha Elections 2024: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने लोकसभा चुनावों के लिए महाराष्ट्र में सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे पर चर्ची की है। उन्होंने शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) और एनसीपी प्रेसिडेंट अजीत पवार (Ajit Pawar) से इस बारे में चर्चा की। पवार महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री हैं। यह बातचीत 8 मार्च को देर रात हुई। महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इस बातचीत में शामिल थे। शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना, पवार की अगुवाई वाली एनसीपी और BJP ने महाराष्ट्र में मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। महाराष्ट्र में लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं।

BJP ने 2019 में 23 सीटें जीती थीं

2019 के लोकसभा चुनावों में BJP ने महाराष्ट्र में 25 सीटों पर चुनाव लड़ा था। उसने 23 सीटों पर जीत हासिल की थी। तब शिवसेना का बंटवारा नहीं हुआ था। उसने 23 सीटों पर चुनाव लड़ा था। उसने 18 सीटें जीती थीं। तब एनसपीपी का भी बंटवारा नहीं था। तब एनसीपी ने 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था। लेकिन, वह सिर्फ 4 सीटें जीत सकी थी। 2019 में महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के बाद शिवसेना ने कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर गठबंधन बनाया था।


2022 में बीजेपी ने शिंदे की अगुवाई में बनाई सरकार

कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी का यह गठबंधन 2022 में तब टूट गया था, जब एकनाथ शिंदे शिवसेना के कई सासंदों और विधायकों के साथ बीजेपी के साथ हाथ मिला लिया। तब बीजेपी ने शिंदे की अगुवाई में महाराष्ट्र में सरकार बनाई। शिंदे को मुख्यमंत्री और फडणवीस को उप-मुख्यमंत्री बनाया गया। पिछले साल अजीत पवार भी ज्यादातर विधायकों के साथ महाराष्ट्र की भाजपा-शिवसेना सरकार में शामिल हो गए।

शिंदे गुट को असली शिवसेना घोषित किया गया

चुनाव आयोग और महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर ने शिवसेना के शिंदे गुट को असल शिवसेना घोषित किया है। इसी तरह अजीत पवार की अगुवाई वाले एनसीपी गुट को असली एनसीपी घोषित किया गया है। इस बार बीजेपी महाराष्ट्र में 30 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। इसकी वजह यह है कि उसने इस बार 543 सदस्यों वाली लोकसभा में 370 से ज्यादा सीटें हासिल करने का टारगेट तय किया है।

कुछ सीटों को लेकर सहयोगी दलों के साथ मतभेद

बताया जाता है कि महाराष्ट्र की कुछ लोकसभा सीटों को लेकर बीजेपी का सहयोगी दलों के साथ कुछ मतभेद है। इसकी वजह यह है कि बीजेपी ने थाणे, दक्षिण मुंबई और रायगढ़ की सीट पर दावा ठोका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में दक्षिण मुंबई सीट पर लोकसभा का उम्मीदवार जीता था। थाणे की सीट भी शिवसेना के पास गई थी। रायगढ़ सीट पर एनसीपी की जीत हुई थी।

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में BJP का बड़ा प्लान, अक्षय कुमार और माधुरी दीक्षित को दे सकती है लोकसभा का टिकट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।