Delhi Lok Sabha Elections 2024: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) का लोकसभा चुनाव इस बार काफी दिलचस्प होने वाला है। केंद्र में 10 साल से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने लोकसभा चुनावों के लिए 195 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। BJP ने आम चुनाव के लिए दिल्ली की 5 सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। दिल्ली में कुल सात लोकसभा सीटें हैं। इस बार का इलेक्शन इसलिए अलग होने वाला है, क्योंकि कांग्रेस (Congress) और आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी लोकसभा चुनाव गठबंधन में लड़ने का ऐलान किया है। इसके तहत दिल्ली में AAP 4 और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
AAP दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और नई दिल्ली लोकसभा सीट पर लड़ रही है। जबकि कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर पश्चिम दिल्ली और उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर चुनाव लड़ेगी। जिन 7 लोकसभा सीटों पर मतदान होंगे वे चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली हैं।
2019 में दिल्ली के आम चुनाव में केंद्र में सत्तारुढ़ बीजेपी ने सभी 7 सीटों पर जीत हासिल कर AAP और कांग्रेस के उम्मीदवारों को हराकर क्लीन स्वीप किया था। भगवा पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव कुल 56.9 प्रतिशत वोट हासिल किए, जबकि कांग्रेस 22.5 फीसदी और AAP 18.1 फीसदी वोटों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का वोट शेयर 46.40 फीसदी रहा था।
जबकि करीब 33 फीसदी वोट आम आदमी पार्टी को मिले थे। पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद हंसराज हंस को छोड़कर बाकी वर्तमान पांचों सांसद रमेश बिधूड़ी (दक्षिण दिल्ली), मीनाक्षी लेखी (नई दिल्ली), हर्षवर्द्धन (चांदनी चौक) और प्रवेश वर्मा (पश्चिम दिल्ली) लगातार दूसरी बार अपने लोकसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
I.N.D.I.A. गठबंधन के उम्मीदवारों की लिस्ट
आम आदमी पार्टी (AAP) ने लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली की अपनी 4 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती को नई दिल्ली सीट से मैदान में उतारा है। जबकि AAP ने कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार को पूर्वी दिल्ली सीट से, सहीराम पहलवान को दक्षिणी दिल्ली से और पूर्व सांसद महाबल मिश्रा को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है। जबकि कांग्रेस की तरफ से अभी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी नहीं की गई है।
देखें, कौन कहां से लड़ेगा चुनाव?
BJP ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को नई दिल्ली लोकसभा सीट से और निवर्तमान सांसद मनोज तिवारी को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा है। जबकि पार्टी ने निवर्तमान सांसद मीनाक्षी लेखी, हर्षवर्धन, प्रवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी का टिकट काट दिया है। पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर और हर्षवर्धन ने लिस्ट जारी होने से पहले ही एक ट्वीट में सक्रिय राजनीति से अलग होने का इशारा कर दिया था।
दक्षिणी दिल्ली की पूर्व मेयर और बीजेपी की दिल्ली इकाई की महासचिव कमलजीत सहरावत पश्चिमी दिल्ली से चुनाव लड़ेंगी। सहरावत को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे और दो बार के निवर्तमान सांसद प्रवेश वर्मा की जगह टिकट दिया गया है। सहरावत जाट समुदाय से हैं। बीजेपी ने फिलहाल पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली से अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
नई दिल्ली लोकसभा सीट इस वक्त सबसे अधिक चर्चा के केंद्र में है। AAP उम्मीदवार सोमनाथ भारती ने बांसुरी स्वराज को नई दिल्ली से उम्मीदवार घोषित किए जाने को लेकर तंज कसा है। सोमनाथ भारती ने कहा है कि ये बीजेपी की निराशा ही है कि पार्टी ने नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज को टिकट दिया है।
AAP और बीजेपी के उम्मीदवार पेशे से वकील हैं और दोनों इस वक्त सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। यह सीट इसलिए भी चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि वर्तमान में नई दिल्ली विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल विधायक हैं। वह यहां से लगातार तीसरी बार जनता का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जबकि नई दिल्ली लोकसभा सीट पर 2014 से भगवा पार्टी का कब्जा है। इस सीट बीजेपी का प्रभाव जनसंघ के जमाने से ही रहा है।