Lok Sabha Elections 2024: अधीर चौधरी के खिलाफ यूसुफ पठान TMC से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, शत्रुघ्न सिन्हा, कीर्ति आजाद और महुआ मोइत्रा को भी मिला टिकट

Lok Sabha elections 2024: तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सभी 42 लोकसभा सीटों के लिए नामों की घोषणा कर दी। यह I.N.D.I.A. ब्लॉक के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि कांग्रेस ने कहा था कि TMC के साथ सीट-बंटवारे की बातचीत चल रही है। ब्रिगेड ग्राउंड मार्च में अभिषेक बनर्जी ने नामों की घोषणा की। पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान बहरामपुर से तृणमूल के उम्मीदवार होंगे

अपडेटेड Mar 10, 2024 पर 3:31 PM
Lok Sabha Elections 2024: टीएमसी के ब्रिगेड ग्राउंड मार्च में अभिषेक बनर्जी ने नामों की घोषणा की

Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस (Congress) के बाद अब पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। तृणमूल कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने सभी 42 लोकसभा सीटों के लिए TMC उम्मीदवारों की घोषणा की। टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ेंगे।

बर्धमान-दुर्गापुर से TMC की लोकसभा सीट के उम्मीदवार कीर्ति झा आजाद होंगे। जबकि शत्रुघ्न सिन्हा फिर से आसनसोल से लड़ेंगे। टीएमसी की लिस्ट I.N.D.I.A. ब्लॉक के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि कांग्रेस ने कहा था कि TMC के साथ सीट-बंटवारे की बातचीत चल रही है।

यूसुफ पठान को मिला टिकट


पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी की मौजूदगी में जारी लिस्ट के मुताबिक, बहरमपुर से TMC के उम्मीदवार पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ पठान (Yusuf Pathan) होंगे। बहरामपुर से फिलहाल कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) सांसद हैं। इसके अलावा लिस्ट में महुआ मोइत्रा का भी नाम शामिल है।

बहरामपुर निर्वाचन क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ है। अधीर राजन चौधरी 1999 से इसका प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह उन सीटों में से एक थी जिसके साथ कांग्रेस-टीएमसी सीट-बंटवारे की बातचीत में बाधा आ गई थी क्योंकि ममता यह सीट कांग्रेस के लिए नहीं छोड़ना चाहती थीं।

महुआ मोइत्रा पर फिर जताया भरोसा

TMC ने लोकसभा से निष्कासित महुआ मोइत्रा को पश्चिम बंगाल में कृष्णानगर (Krishnanagar Lok Sabha constituency) लोकसभा सीट से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि कैश और गिफ्ट लेकर सवाल पूछने के मामले में लोकसभा से महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) को निष्कासित कर दिया गया है।

TMC की लिस्ट में संदेशखाली इफेक्ट

TMC की लिस्ट में संदेशखाली इफेक्ट भी देखने को मिला है। वहां से मौजूदा सांसद नुसरत जहां को इस बार टिकट नहीं मिला है। हाजी नुरुल इस्लाम बशीरहाट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि संदेशखाली बशीरहाट निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यौन उत्पीड़न और हिंसा के खिलाफ स्थानीय महिलाओं द्वारा शुरू विरोध प्रदर्शन के बाद से संदेशखाली इस समय चर्चा में है।

जहां के अलावा मशहूर बंगाली एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती (Mimi Chankraborty) का भी टिकट कट गया है। अभिनेता सायोनी घोष ने जादवपुर में मिमी चक्रवर्ती की जगह ली है। चक्रवर्ती की इस घोषणा के बाद कि वह राजनीति छोड़ना चाहती हैं, अभिनेत्री सायोनी घोष जादवपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव से पहले BJP को झटका, हिसार से सांसद बृजेंद्र सिंह ने थामा कांग्रेस का 'हाथ'

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में कहा, "पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस अकेले लड़ेगी... देश किस दिशा में चलेगा यह बंगाल तय करेगा... बंगाल ही देश को रास्ता दिखाएगा।" इस दौरान उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस उत्तर प्रदेश में एक लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव से बातचीत कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।