News18 Rising Bharat Summit 2024: न्यूज18 नेटवर्क के लोकप्रिय कार्यक्रम 'न्यूज18 राइजिंग भारत समिट 2024' में शामिल केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने मंगलवार (19 मार्च) को साफ किया वह मरते दम तक भारतीय जनता पार्टी (BJP) का साथ कभी नहीं छोड़ेंगे। गडकरी ने बीजेपी की प्रचंड जीत की भविष्यवाणी करते हुए कहा कि NDA इस बार के लोकसभा चुनाव में 400 का आंकड़ा पार करेगा और पीएम मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें चुनाव जीतने के लिए पोस्टर-बैनर से प्रचार करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका काम बोलता है।
उद्धव ठाकरे के ऑफर पर दिया जवाब
'न्यूज18 राइजिंग भारत समिट 2024' में केंद्रीय मंत्री ने विपक्षी पार्टियों द्वारा न्योता दिए जाने के सवाल पर जवाब देते हुए कहा, "मैं बीजेपी का सच्चा कार्यकर्ता हूं। मैं बीजेपी में था, हूं और आजीवन रहूंगा...।" बता दें कि हाल ही में शिवसेना (UBT) उद्धव ठाकरे ने एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को I.N.D.I.A गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया था। कार्यक्रम में बातचीत करते हुए गडकरी ने कहा कि उद्धव ठाकरे का बयान हास्यास्पद था।
'जातिवाद और सांप्रदायिकता को नहीं मानता'
समिट में नितिन गडकरी ने आगे कहा, "मैं जातिवाद और सांप्रदायिकता को नहीं मानता। हमारे प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) ने कहा है कि 'सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास...' मैं अपने क्षेत्र में जितने लोग हैं, सबको अपना परिवार समझता हूं। 10 सालों में मैंने जो काम किया है, उससे लोगों ने मेरा नाम भी जाना है और काम भी..."
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि इसलिए मुझे पोस्टर और बैनर से प्रचार करने की जररूत नहीं है। क्योंकि मैं लोगों से जुड़ा हूं। उन्होंने कहा कि मुझे लोगों को वोट के बदले कुछ सेवा देने की जरूरत नहीं है। मैं लोगों से मिलूंगा, लोगों के घर जाऊंगा और उनसे आशीर्वाद लूंगा...गडकरी ने कहा कि मैं हाउस टू हाउस और मैन टू मैन कैंपेन करूंगा। मेरा विश्वास है कि मैं अच्छे वोट से चुनाव जीतूंगा।
400 से अधिक सीटें जीतेगी NDA
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहा है 'सबका साथ सबका विकास..', मैं अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को अपना परिवार मानता हूं। 2024 के लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि पीएम मोदी फिर प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने दावा किया कि NDA 400 पार जाएंगी ये भी फाइनल है और मैं भी जीतूंगा। न्यूज18 से बातचीत में नितिन गडकरी ने कहा, "मैं सच बोलता हूं, उससे किसी को कोई दिक्कत नहीं है, कुछ लोग अपनी बात मेरे मुंह में डालने की कोशिश करते हैं।"
नागपुर से तीसरी बार चुनाव जीतने के सवाल पर गडकरी ने कहा, "मोदी जी प्रधानमंत्री बनने ही वाले हैं, यह तय है। दूसरी बात यह है कि हम 400 पार जाने वाले हैं, यह तय है और मैं भी चुनाव जीतने वाला हूं यह निश्चित है।" उन्होंने कहा कि जब बातचीत होती है तो नम्रतापूर्वक अपनी बात प्रधानमंत्री सबसे सुनते हैं। सभी आराम से अपनी बात रखते हैं। कोई अड़चन नहीं होती। मैं भी पार्टी का अध्यक्ष रहा हूं, मेरे पास भी सबलोग अपनी बात रखते थे।