Lok Sabha Elections 2024: 13 दिनों में दी 8.3 लाख रुपए की सौगात, अब दक्षिण भारत से अपना चुनावी अभियान शुरू करेंगे PM मोदी

Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब 15 मार्च से दक्षिण भारत से अपने राजनीतिक दौरों की शुरुआत करेंगे। यह प्रधानमंत्री के लिए ऐसा पहला मौका होगा, क्योंकि वह आमतौर पर BJP उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के बाद ही अपना राजनीतिक अभियान शुरू करते हैं

अपडेटेड Mar 13, 2024 पर 2:26 PM
Lok Sabha Elections 2024: PM मोदी ने इस महीने अपने 'भारत दर्शन' के दौरान लगभग 8.3 लाख करोड़ रुपए के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का अनावरण किया

Lok Sabha Elections 2024: प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने इस महीने अपने 'भारत दर्शन' के दौरान लगभग 8.3 लाख करोड़ रुपए के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का अनावरण किया। ये रकम पिछले वित्तीय वर्ष में 10 लाख करोड़ रुपए के पूरे कैपेक्स बजट से कुछ ही कम है। पीएम मोदी अब 15 मार्च से दक्षिण भारत से अपने राजनीतिक दौरों की शुरुआत करेंगे, जो लोकसभा चुनाव से पहले उनके 'दक्षिण भारत अभियान' की शुरुआत होगी। प्रधान मंत्री ने बुधवार को 1.25 लाख करोड़ रुपए की तीन सेमी-कंडक्टर यूनिट का अनावरण किया। ये प्रोजेक्ट भी PM के आम चुनावों की घोषणा से पहले देश भर में उनके 13 दिनों के दौरे का हिस्सा था।

इस महीने पीएम ने जिन प्रोजेक्ट का उद्घाटन या शिलान्यास किया, उनकी कुल कीमत 8.25 लाख करोड़ रुपए है। इसे आप ऐसे भी देख सकते हैं कि भारत का कुल कैपेक्स बजट 2022-23 में 10 लाख करोड़ रुपए था और 2023-24 के लिए 11 लाख करोड़ रुपए तय किया गया है।

PM मोदी ने इसे 'विकसित भारत' की दिशा में उठाया गया कदम बताया। ये परियोजनाएं बिहार, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और उत्तर-पूर्व सहित पूरे भारत में फैली हुई हैं।


मार्च में पीएम के ओर अनावरण की गई परियोजनाओं का सबसे बड़ा सेट 2 मार्च को बिहार के बेगुसराय से देश भर के लिए 1.48 लाख करोड़ रुपए की ऑयल और गैस सेक्टर के प्रोजेक्ट थें, दूसरा 13 मार्च को 1.25 लाख करोड़ रुपए की सेमी-कंडक्टर यूनिट प्रोजेक्ट था। 12 मार्च को अहमदाबाद में 1.06 लाख करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट और 11 मार्च को गुड़गांव से 1 लाख करोड़ रुपए की हाईवे प्रोजेक्ट्स शुरू किए गए।

पीएम ने इन कार्यक्रमों के दौरान बार-बार इस बात पर भी जोर दिया कि उनकी सरकार में ही ऐसी ज्यादातर परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई थी और अब उनका उद्घाटन भी उन्होंने ही किया है। उन्होंने ये बात इसलिए कही क्योंकि वे चाहते हैं कि जनता ये जाने कि उनके कार्यकाल में परियोजनाओं को कैसे तेजी से आगे बढ़ाया गया और समय पर पूरा किया गया।

पीएम के राजनीतिक दौरे

उम्मीद है कि प्रधानमंत्री 15 मार्च से अपना राजनीतिक दौरा दक्षिण भारतीय राज्यों से शुरू करेंगे। यह प्रधानमंत्री के लिए ऐसा पहला मौका होगा, क्योंकि वह आमतौर पर BJP उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के बाद ही अपना राजनीतिक अभियान शुरू करते हैं।

हालांकि, इस बार, BJP ने चुनाव आयोग की ओर से लोकसभा चुनावों (Loksabha Elections) की घोषणा से पहले ही 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट घोषित कर दी है, और BJP की दूसरी लिस्ट जल्द ही आने की उम्मीद है। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी की तरफ से अपने शीर्ष प्रचारक को जल्दी भेजने का भी यही कारण है।

News18 की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री के 15 और 17 मार्च को केरल के पथानामथिट्टा और पलक्कड़ में रहने की उम्मीद है, जहां वह एक रोड शो भी करेंगे। अनिल एंटनी पथानामथिट्टा से BJP के उम्मीदवार हैं और सी कृष्णकुमार पलक्कड़ से पार्टी के उम्मीदवार हैं।

पीएम मोदी के 15 मार्च को कर्नाटक में भी और बाद में 17 और 18 मार्च को उसी राज्य में रहने की उम्मीद है। अलग-अलग राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए पीएम के 15 से 18 मार्च के बीच तमिलनाडु में भी रहने की उम्मीद है। दक्षिण भारतीय राज्यों की 129 सीटें 2024 के चुनावों में BJP के लिए एक मजबूत फोकस बनी हुई हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।