Lok Sabha Elections 2024: बहुप्रतीक्षित लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के बीच शेड्यूल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) मार्च के दूसरे सप्ताह में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही देश भर में आदर्शन आचार संहिता लागू हो जाएगी। चुनाव आयोग की टीम लगातार राज्यों का दौरा कर इलेक्शन संबंधी तैयारियों का जायजा ले रही है। सूत्रों की मानें तो निर्वाचन आयोग 14 या 15 मार्च को लोकसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है।
चुनाव आयोग की टीमों ने अब तक कई राज्यों का दौरा कर लिया है। आयोग की टीमें चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठकें भी कर रही हैं। सूत्रों ने बताया कि चुनाव 2019 की तरह 7 चरणों में हो सकते हैं। पहले चरण के लिए मतदान अप्रैल के दूसरे सप्ताह में हो सकता है। जबकि 14 मार्च से आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना है।
2019 में हुए लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 303 सीटों के साथ दूसरी बार जीत हासिल की। वहीं, कांग्रेस केवल 52 सीटें जीतने में सफल रही। जबकि इस बार पीएम मोदी ने अकेले बीजेपी के लिए 370 सीटों और NDA के लिए 400 सीटों का लक्ष्य रखा है। उन्होंने प्रार्थना की है कि कांग्रेस कम से कम 40 सीटें पार कर जाए।
2019 में कब हुआ था तारीखों का ऐलान
पिछले लोकसभा चुनाव की घोषणा भारतीय निर्वाचन आयोग ने 10 मार्च को की थी। इसके बाद 11 अप्रैल 2019 से 19 मई 2019 के बीच 7 चरणों में चुनाव हुए थे। जबकि 23 मई 2019 को आम चुनाव के नतीजे आए थे। बीजेपी की अगुवाई वाली NDA ने 353 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल किया था।
कितने चरण में हुए थे चुनाव?
2019 का लोकसभा चुनाव कुल 7 चरणों में कराए गए थे। पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों के लिए 11 अप्रैल 2019 को मतदान कराए गए थे। वहीं, दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 लोकसभा सीटों के लिए 18 अप्रैल 2019 को मतदान पड़े थे। तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश समेत 14 राज्यों की 115 लोकसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को वोट डाले गए थे।
इसके अलावा चौथे चरण में 9 राज्यों की 71 लोकसभा सीटों के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। वहीं, पांचवे चरण में 7 राज्यों की 51 सीटों के लिए 6 मई को मतदान डाले गए थे। छठे चरण में 7 राज्यों की 59 लोकसभा सीट के लिए 12 मई और 7वें चरण में 8 राज्यों की 59 सीटों के लिए 19 मई को वोट डाले गए थे। देश भर में वोटों की गिनती एक साथ 23 मई 2019 को हुई थी।