Loksabha Election 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा चुनावों (Loksabha Election) के लिए शुक्रवार को 16 उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी कर दी। इसमें तमिलनाडु के 15 और पुडुचेरी के उम्मीदवार का नाम शामिल है। पुडुचेरी की एकमात्र लोकसभा सीट से BJP ने ए नमाशिवायम को पार्टी ने टिकट दिया है।
पार्टी की ओर से जारी इस लिस्ट के मुताबिक चेन्नई उत्तर से आर सी पॉल कनगराज, तिरूवल्लूर से पॉन वी बालागणपति, तिरवन्नमलाई से ए अश्वथामन, नामक्कल से के पी रामलिंगम, त्रिपुर से ए पी मुरुगनांदम, पोलाची से के वसंतराजन, करूर से वी वी सेंथिलनाथन, चिदंबरम से श्रीमती पी कार्तियायनी, नागपत्तिनम से एस जी रमेश,तंजावुर से एम मुरुगानंदम, शिवगंगा से देवनाथन यादव, मदुरै से राम श्रीनिवासन, विरूद्धनगर से राधिका शरतकुमार और टेनकासी से बी जॉन पांडियान को उम्मीदवार बनाया गया है।
इससे पहले बृहस्पतिवार को बीजेपी ने पूर्व राज्यपाल तिमिलसाई सौन्दर्यराजन, पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन सहित राज्य से नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। इस तरह तमिलनाडु के लिए BJP ने अब तक 24 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।
राज्य की 39 लोकसभा सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। BJP 2019 के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) में तमिलनाडु से एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।
BJP ने अब तक 290 उम्मीदवारों का किया ऐलान
इससे पहले, BJP ने दो मार्च को 195 लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, लेकिन इनमें से दो- भोजपुरी गायक व अभिनेता पवन सिंह और उत्तर प्रदेश के उपेंद्र रावत ने विवाद पैदा होने के बाद अपने नाम वापस ले लिए थे।
इसके बाद, BJP ने 13 मार्च को 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची और 21 मार्च को नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।
इस तरह पार्टी ने अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए अब तक 290 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।
देश में 18वीं लोकसभा के लिए 19 अप्रैल से चुनाव शुरू होंगे और एक जून तक सात चरणों में मतदान संपन्न होगा। मतगणना चार जून को होगी।