चुनाव आयोग ने बुधवार को भारत राष्ट्र समिति (BRS) के अध्यक्ष के.चंद्रशेखर राव (केसीआर) को कांग्रेस के खिलाफ उनकी ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणियों के लिए 48 घंटे तक प्रचार करने से रोक दिया। चुनाव आयोग ने कहा कि पांच अप्रैल को सिरसिल्ला में प्रेस कॉन्फ्रेंस में राव के बयान आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों और उसके परामर्श का उल्लंघन थी। आयोग ने कहा कि राव ने तेलंगाना में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री राव पर प्रचार के संबंध में 48 घंटे का प्रतिबंध बुधवार रात आठ बजे से लागू होगा।
