Manipur Lok Sabha elections 2024 Voting: जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर की दो लोकसभा सीट के लिए शुक्रवार (19 अप्रैल) को 11 बजे तक कुल 15.44 लाख से अधिक मतदाताओं में से करीब 28.19 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान के शुरुआती दो घंटों में इनर मणिपुर निर्वाचन क्षेत्र में 29.40 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि आउटर मणिपुर में 26.02 प्रतिशत मतदान हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आउटर मणिपुर के कुछ हिस्सों और इनर मणिपुर के लिए मतदान हो रहा है। इस बीच, मणिपुर के एक पोलिंग बूथ पर फायरिंग की खबर सामने आ रही है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मणिपुर के मोइरांग क्षेत्र के थमनपोकपी में एक मतदान केंद्र के पास बदमाशों के एक ग्रुप ने कई राउंड फायरिंग की। गोलीबारी से उन मतदाताओं में दहशत फैल गई जो अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कतार में खड़े थे। वायरल हो रहे एक वीडियो में गोलियों की आवाज के बीच लोग मतदान केंद्र से बाहर भागते नजर आ रहे हैं। द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी में 3 लोग घायल हो गए हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ अन्य स्थानों पर भी अशांति की छिटपुट घटनाएं होने की जानकारी मिली है। इनर मणिपुर लोकसभा सीट के तहत थोंगजू विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय लोगों और अज्ञात बदमाशों के बीच झगड़े की सूचना मिली है।
2019 के चुनाव में इनर लोकसभा सीट बीजेपी के थौनाओजम बसंत कुमार सिंह ने जीती थी। इस सीट से एक बार फिर बसंत कुमार सिंह को मैदान में उतारा गया है। आउटर मणिपुर नागा पीपुल्स फ्रंट के नेता कचुई टिमोथी जिमिक ने जीती थी, जिन्हें फिर से मैदान में उतारा गया है। इस चुनाव में NPF बीजेपी की सहयोगी है।
उत्तर-पूर्वी राज्य पिछले साल मई से रुक-रुक कर हिंसा का सामना कर रहा है, जब दो जातीय समुदायों के बीच झड़पों में 200 से अधिक लोग मारे गए और हजारों लोग विस्थापित हुए। हिंसा को देखते हुए राज्य में दो चरणों के पहले चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आउटर मणिपुर के 28 विधानसभा क्षेत्रों में से 15 पर 26 अप्रैल को मतदान होगा।
मुख्यमंत्री ने वोट डालने का किया आग्रह
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने मतदाताओं से अपील की कि वे राज्य के मूल निवासियों को बचाने और इसकी क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए वोट डालें। सिंह ने लुवांगसंगबाम ममांग लेइकाई में अपना वोट डालने के बाद कहा, "मुझे उम्मीद है कि इनर मणिपुर में भाजपा के उम्मीदवार टी. बसंत सिंह और आउटर मणिपुर के लिए एनपीएफ (नगा पीपुल्स फ्रंट) के के. टिमोथी जिमिक निश्चित रूप से जीतेंगे और केंद्र में भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के नेतृत्व वाली राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार बनाने में योगदान देंगे।"