Bihar Politics Crisis: बिहार में राजनीतिक उथलपुथल के बीच मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले जनता दल-यूनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर तीखा हमला बोलते हुए RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) ने रविवार को कहा, "कूड़ा गया फिर से कूड़ेदानी में, कूड़ा मंडली को बदबूदार कूड़ा मुबारक।" नीतीश कुमार ने यह कहते हुए बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया कि 18 महीने से भी कम समय पहले वह जिस महागठबंधन और विपक्षी गुट इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) में शामिल हुए थे, उसमें उनके लिए स्थितियां ठीक नहीं लगीं। कुमार ने कहा कि वहां चीजें अच्छी तरह से काम नहीं कर रही थीं।
आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर एक कचरा वाहन की तस्वीर शेयर करते हुए कहा, "कूड़ा गया फिर से कूड़ेदानी में- कूड़ा मंडली को बदबूदार कूड़ा मुबारक...।" रोहिणी ने अपने एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नीतीश के बिहार विधानसभा में महिला को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर दिए गए बयान को साझा करते हुए कहा, "थूककर चाटने वाले नेता खुद को ना समझे सूरज जैसा...।"
उन्होंने अपने भाई और राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का एक वीडियो शेयर करते हुए एक पोस्ट में कहा, "जनता जनार्दन के बीच जाएंगे, खुद के साथ-साथ बिहार का हौसला भी बढ़ाएंगे।" इससे पहले उन्होंने गुरुवार को भी नीतीश कुमार पर परोक्ष रूप से विवादित टिप्पणी की थी। हालांकि, बाद में उस पोस्ट को डिलीट कर दिया था। बाद में RJD ने दावा किया था कि रोहिणी के सोशल मीडिया पोस्ट का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी थे, न कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार...।
आज फिर सीएम पद की शपथ लेंगे नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि उन्हें इंडिया और महागठबंधन में स्थिति ठीक नहीं लग रही थी इसलिए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ नया गठबंधन और नई सरकार बनाने का निर्णय लिया। नीतीश 18 महीने पहले BJP की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को छोड़कर महागठबंधन में शामिल हुए थे। कुमार के शाम तक नई सरकार का गठन करने की संभावना है।
यह पूछे जाने पर कि उन्होंने यह फैसला क्यों किया, नीतीश ने कहा, "अपनी पार्टी के लोगों से मिल रही राय के अनुसार मैंने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया।" उन्होंने कहा, "हमने पूर्व के गठबंधन (NDA) को छोड़कर नया गठबंधन बनाया था लेकिन इसमें स्थितियां ठीक नहीं लगी।" शपथ ग्रहण समारोह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की मौजूदगी में होने की संभावना है। नड्डा के थोड़ी देर में पटना पहुंचने की उम्मीद है।