"चमड़ी के रंग के आधार पर देशवासियों को गाली दी गई, मैं बहुत गुस्से में हूं", सैम पित्रोदा के नस्लीय बयान पर भड़के PM मोदी

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के बीच 'विरासत टैक्स' के बाद अब इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने एक और विवादित बयान देकर अपनी पार्टी को मुश्किल में डाल दिया है। उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि भारत के उत्तर पूर्व में लोग चीनियों जैसे दिखते हैं, जबकि दक्षिण के लोग अफ्रीकियों की तरह दिखते हैं

अपडेटेड May 08, 2024 पर 5:13 PM
Lok Sabha Elections 2024: सैम पित्रोदा की टिप्पणियों के बाद देश की राजनीति में एक नया विवाद पैदा हो गया है

Lok Sabha Elections 2024: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा की नस्लवादी टिप्पणी के कुछ घंटों बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को जोरदार पलटवार किया। पीएम मोदी ने रंग के आधार पर भारतीयों का अपमान करने के लिए सबसे पुरानी पार्टी की तीखी आलोचना की। पीएम मोदी ने कहा कि चमड़ी के रंग के आधार पर देशवासियों को गाली दी गई। मैं अपने साथी भारतीयों का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा। मैं आज बहुत गुस्से में हूं। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि देशवासी त्वचा के रंग के आधार पर अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी (PM Modi) ने कहा कि उन्हें अब यह बात समझ में आई है कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को हराने की कोशिश इसलिए की थी, क्योंकि उनकी त्वचा का रंग सांवला है। सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) के बयान से विवाद बढ़ने के बाद पीएम मोदी ने सवाल किया, "कोई मुझे बताइए क्या मेरे देश में चमड़ी के रंग के आधार पर लोगों की योग्यता तय होगी?"

वारंगल में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पूछा, "त्वचा के रंग के इस खेल के लिए शहजादे को किसने इजाजत दी?" PM मोदी ने कहा, "मैं बहुत गुस्से में हूं आज दोस्तों! मुझे कोई गाली दे, मुझे गुस्सा नहीं आता है। मैं सहन कर लेता हूं। लेकिन आज शहजादे के फिलॉस्फर ने इतनी बड़ी गाली दी है, जिसने मुझमें गुस्सा भर दिया है।"


राहुल गांधी पर भड़के पीएम

राहुल गांधी की चुनावी रैलियों में संविधान की कॉपी का प्रदर्शन करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान सिर पे लेकर नाचने वाले लोग, चमड़ी के रंग के आधार पर देशवासियों का अपमान कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, "शहजादे आपको जवाब देना पड़ेगा। चमड़ी के रंग के आधार पर मेरे देशवासियों का अपमान मेरा देश सहन नहीं करेगा और मोदी तो कतई नहीं करेगा।"

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि उन्हें अब पता चला है कि मुर्मू की इतनी प्रतिष्ठा होने के बावजूद कांग्रेस ने राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें हराने की कोशिश क्यों की थी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर सैम पित्रोदा के संदर्भ में कहा, ठमुझे आज पता चला कि शहजादे के एक अंकल अमेरिका में रहते हैं। चाचा उनके दार्शनिक और मार्गदर्शक हैं।ठ

उन्होंने कहा, ठशहजादे के दार्शनिक और मार्गदर्शक चाचा ने एक बड़ा राज खोला है। उन्होंने कहा कि जिनकी त्वचा का रंग सांवला है, वे सभी अफ्रीका के हैं।" PM मोदी ने आरोप लगाया कि इसका मतलब है कि उन्होंने (पित्रोदा) त्वचा के रंग के आधार पर देश के कई लोगों का अपमान किया है।

'देशवासी भगवान श्री कृष्ण की पूजा करते हैं'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्वचा का रंग कोई भी हो, देशवासी भगवान श्री कृष्ण की पूजा करते हैं, जिनकी त्वचा का रंग भी हम सभी की तरह था। पीएम मोदी ने यह दावा भी किया कि देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के बाद कांग्रेस और उसके 'इंडी' गठबंधन के घटक दलों का तीसरा 'फ्यूज' उड़ गया है। उन्होंने कहा कि मतदान के चार चरण शेष हैं और जनता के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) जीत की ओर बढ़ रहा है।

सैम पित्रोदा ने क्या कहा?

सैम पित्रोदा का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह भारत के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों की दूसरे देशों से तुलना करते हुए नस्लवादी बयान दिया है। राहुल गांधी के बेहद करीबी इंडियन ओवरसीज कांग्रेस प्रमुख ने अपनी नस्लवादी टिप्पणी से कांग्रेस के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी है। उनके बयान के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सबसे पुरानी पार्टी को लताड़ लगाने का मौका मिल गया।

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने का कहना है कि दक्षिण भारत के लोग अफ्रीकी और पूर्वोत्तर के भारतीय चाइनीज जैसे दिखते हैं। वायरल वीडियो में द स्टेट्समैन के साथ एक इंटरव्यू में सैम पित्रोदा कहते हैं, "हम भारत जैसे विविधतापूर्ण देश को एक साथ रख सकते हैं, जहां पूर्वी भारत में रहने वाले लोग चीनी लोगों जैसे, पश्चिम में रहने वाले अरब जैसे, उत्तर भारत में रहने वाले श्वेतों की तरह और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी लोगों की तरह दिखते हैं... लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ता। हम सब भाई-बहनें हैं। हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं।"

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।