Punjab Lok Sabha Elections 2024: पंजाब में लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार (29 अप्रैल) को पंजाब की चार संसदीय सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए। इनमें प्रमुख नाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा का है जिन्हें क्रमश: लुधियाना एवं गुरदासपुर से टिकट दिया गया है।
कांग्रेस की ओर से जारी उम्मीदवारों की लिस्ट के अनुसार, कांग्रेस ने खदूर साहिब लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद जसवीर सिंह गिल को टिकट नहीं दिया है। जबकि उनकी जगह कुलबीर सिंह जीरा को उम्मीदवार बनाया गया है।
पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला को आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। बता दें कि इस सीट से वर्तमान सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी को इस बार चंडीगढ़ से उम्मीदवार बनाया गया है।
12 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है कांग्रेस
कांग्रेस पंजाब में अब तक 12 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। राज्य में लोकसभा की कुल 13 सीटें हैं। राजा वड़िंग को लुधियाना से टिकट दिया गया है। इस क्षेत्र से मौजूदा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू कुछ दिनों पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। वड़िंग ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बठिंडा सीट से चुनाव लड़ा था। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार में परिवहन मंत्री थे।
गुरदासपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली सरकार में उप मुख्यमंत्री थे। वह डेरा बाबा नानक सीट से मौजूदा विधायक हैं और राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी भी हैं। चार बार के विधायक रंधावा का मुकाबला बीजेपी के दिनेश बब्बू, शिरोमणि अकाली दल के दलजीत सिंह चीमा और आम आदमी पार्टी के अमनशेर सिंह शेरी कालसी से होगा।
गुरदासपुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व वर्तमान में बीजेपी के सनी देओल कर रहे हैं। कांग्रेस ने आनंदपुर साहिब निर्वाचन क्षेत्र के लिए सिंगला को टिकट दिया है। सिंगला का मुकाबला शिअद के प्रेम सिंह चंदूमाजरा और AAP के मालविंदर सिंह कंग से होगा। BJP ने अभी तक इस सीट से अपने उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया है।
पूर्व सांसद सिंगला ने 2022 के पंजाब चुनाव में संगरूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। लेकिन हार गए थे। वह 2017 में संगरूर से विधानसभा के लिए चुने गए थे। वह पिछली कांग्रेस सरकार में लोक निर्माण मंत्री थे।
खदूर साहिब सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जीरा का मुकाबला AAP के लालजीत सिंह भुल्लर, भाजपा के मंजीत सिंह मन्ना मियांविंड, SAD के विरसा सिंह वल्टोहा और कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह से होगा, जो निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों के लिए 1 जून को मतदान होगा। जबकि मतगणना 4 जून को होगी।