Rajasthan Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस नेता सचिन पायलट (Congress leader Sachin Pilot) ने दावा किया है कि आम चुनाव के पहले चरण के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) बैकफुट पर नजर आ रही है। उRAJPOLन्होंने कहा कि देश के दक्षिणी हिस्से में उसका सूपड़ा साफ हो जाएगा और उत्तर में उसकी ताकत आधे हिस्से में सिमट कर रह जाएगी। रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए पायलट ने बताया कि पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार को राज्य के राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा क्षेत्र में दो रैलियों को संबोधित करेंगी।
यह दोनों सीट राज्य के तीन संसदीय क्षेत्रों में से हैं, जहां 26 अप्रैल को आम चुनाव के दूसरे चरण में मतदान होगा। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि पहले चरण के चुनाव (शुक्रवार को) के बाद BJP को समझ आ गया है कि वह बैकफुट पर है। किसी ने कहा है 'साउथ से साफ और नॉर्थ से हाफ'। इसका मतलब है कि उन्हें (BJP) उत्तर में वर्तमान में मौजूद सीटों में से आधी सीटें मिलेंगी, जबकि वह लोकसभा चुनाव में दक्षिण और पूर्व में अपना खाता खोलने में विफल रहेगी। भाजपा सिकुड़ जाएगी।"
छत्तीसगढ़ में बस्तर लोकसभा सीट पर पहले चरण के चुनाव को लेकर पार्टी के राज्य प्रभारी ने कहा, "मैं बस्तर के लोगों को बधाई देना चाहता हूं जिन्होंने चुनौतियों के बावजूद मतदान किया। वहां से आ रही रिपोर्टें बहुत सकारात्मक हैं और मुझे विश्वास है कि हम सफलता हासिल करेंगे।"
सचिन ने बताया कि प्रियंका गांधी रविवार को अगले चरण के लिए राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा क्षेत्रों में रैलियों को संबोधित करेंगी। दोनों स्थानों पर लोग और पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हैं तथा उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पायलट ने कहा, "आम चुनाव के पहले चरण में मतदान कम हुआ, लेकिन हमें जो रिपोर्ट मिल रही है, उससे पता चलता है कि लोग बदलाव चाह रहे हैं। यह चुनाव बदलाव के लिए है।"
उन्होंने कहा, "(BJP के) 10 साल के कार्यकाल का आकलन करने के बाद लोग अब समझ गए हैं कि उन्हें बेहतर विकल्प की तलाश करनी होगी। कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन एक बेहतर विकल्प है।" कांग्रेस नेता ने यह विश्वास भी जताया कि उनके गृह राज्य राजस्थान में उनकी पार्टी उन निर्वाचन क्षेत्रों में अधिकतम सीटें जीतने जा रही है जहां पहले चरण में मतदान हुआ है।
पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि उसने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया और इन्हीं पापों की सजा आज देश कांग्रेस को दे रहा है। राजस्थान के भीनमाल (जालोर) में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "कांग्रेस ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया और उनके इन्हीं पापों की सजा आज देश कांग्रेस को दे रहा है।"
पीएम मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी की जो हालत हुई है उसकी गुनहगार वह खुद है। राजस्थान में पहले चरण के मतदान की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, "पहले चरण के मतदान में आधे राजस्थान ने कांग्रेस को बराबर सजा दी है। उनको बराबर सबक सिखाया है।" उन्होंने कहा, "राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत राजस्थान ये जानता है कि कांग्रेस कभी भी मजबूत भारत बना ही नहीं सकती। देश को ऐसी कांग्रेस सरकार नहीं चाहिए। देश को 2014 के पहले जो हालात थे वो हालात वापस नहीं चाहिए।"