Rajasthan Lok Sabha Election 2024: राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों पर मतदान खत्म, 114 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद

Rajasthan Lok Sabha Election 2024: पहले चरण में 12 निर्वाचन क्षेत्रों में 14 पुलिस जिलों के तहत 23 हजार 651 मतदान केंद्र और 719 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए थे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता के अनुसार शुक्रवार को पहले चरण में कुल 2.54 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे। पहले चरण की 12 सीटों पर 114 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं

अपडेटेड Apr 19, 2024 पर 8:23 PM
Story continues below Advertisement
RAJASTHAN LOK SABHA ELECTION 2024: मतदान को लेकर विशेषकर नए वोटर्स में भारी उत्साह दिखा

Rajasthan Lok Sabha Election 2024: राजस्थान में लोकसभा की 25 में से 12 सीटों के लिए शुक्रवार (19 अप्रैल) सुबह से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी मतदान अब समाप्त हो गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, राजस्थान में शाम 6 बजे तक  54.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। राजस्थान में लोकसभा की कुल 25 सीटें हैं। इनमें से पहले चरण में चूरू, नागौर, गंगानगर, झुंझुनू, बीकानेर, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर और दौसा में मतदान हो रहा है।

एक अधिकारी के अनुसार, "12 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक हुआ।" मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने जयपुर के गांधी नगर के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। गुप्ता ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से मतदान अवश्य करने की अपील की। मतदान को लेकर विशेषकर नए मतदाताओं में उत्साह दिखा।

जयपुर शहर में अनेक जगह मतदाता वोट डालने के बाद सेल्फी खिंचवाते नजर आए। अनेक मतदान केंद्रों में विशेष सजावट की गई। निर्वाचन विभाग ने राज्य स्तर पर बेस्ट सेल्फी अवार्ड देने, व्यापारिक संगठनों के सहयोग से मतदाताओं को स्क्रेच कार्ड और स्याही लगी उंगली दिखाने पर विभिन्न विभिन्न उत्पादों एवं सेवाओं पर छूट सहित कई पहल की गई हैं।


सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

राजस्थान के DGP उत्कल रंजन साहू ने बताया कि राजस्थान पुलिस ने भय-मुक्त वातावरण में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पहले चरण वाले सभी 12 निर्वाचन क्षेत्रों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्थान पुलिस के साथ ही केंद्रीय सशस्त्र बलों की कंपनियां और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है।

दांव पर 114 प्रत्याशियों की किस्मत

उन्होंने बताया कि राज्य में लोकसभा चुनाव के पहले व दूसरे चरण के लिए राजस्थान पुलिस के अधिकारी और जवानों (प्रथम चरण करीब 75,000 एवं द्वितीय चरण में करीब 85,000) के साथ ही केंद्रीय सशस्त्र बल और विशेष सशस्त्र बल की 175 कंपनियां, राजस्थान शहरी- ग्रामीण होमगार्ड के 18 हजार 400 तथा बॉर्डर होमगार्ड के 1600 जवान तैनात किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav 2024 1st phase Live: पश्चिम बंगाल में पथराव, सपा ने मुरादाबाद में बूथ कैप्चरिंग का लगाया आरोप

पहले चरण में 12 निर्वाचन क्षेत्रों में 14 पुलिस जिलों के तहत 23 हजार 651 मतदान केंद्र और 719 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता के अनुसार शुक्रवार को पहले चरण में कुल 2.54 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे। पहले चरण की 12 सीटों पर 114 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

दिग्गजों ने डाला वोट

विभिन्न नेताओं एवं अधिकारियों ने अपने अपने इलाकों में वोट डाला। राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित अन्य नेताओं ने इस दौरान वोट डाला। राज्यपाल मिश्र और उनकी पत्नी सत्यवती मिश्र ने सी स्कीम के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के बाद मिश्र ने कहा कि मतदान भारत के हर पात्र नागरिक का संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है और इसी से लोकतंत्र सशक्त होता है।

मुख्यमंत्री शर्मा भी पत्नी के साथ जगतपुरा के मतदान केंद्र पर पहुंचे व वोट डाला। बाद में वह गोविन्ददेव जी मंदिर गए और पूजा की। जबकि उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी जयपुर शहर के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। केंद्रीय मंत्री व बीकानेर से उम्मीदवार अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर के एक मतदान केंद्र पर परिवार के साथ मतदान किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।