Rajasthan Loksabha Election: अमित शाह ने राजस्थान के सीकर में रोड शो से किया लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज

Rajasthan Loksabha Election: अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पार्टी उम्मीदवार और दो बार के सांसद स्वामी सुमेधानंद भी थे। शाह जयपुर पहुंचे और रोड शो के लिए सीकर जाने से पहले पांच लोकसभा क्षेत्रों दौसा, करौली-धौलपुर, नागौर, चूरू और झुंझुनू के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की

अपडेटेड Mar 31, 2024 पर 9:31 PM
Story continues below Advertisement
Rajasthan Loksabha Election: अमित शाह ने राजस्थान के सीकर में रोड शो से किया लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज

Rajasthan Loksabha Election: राजस्थान (Rajasthan) में लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections 2024) के लिए प्रचार की शुरुआत करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पार्टी उम्मीदवार और दो बार के सांसद स्वामी सुमेधानंद के साथ सीकर लोकसभा क्षेत्र में एक रोड शो किया। इससे पहले शाह जयपुर पहुंचे और रोड शो के लिए सीकर जाने से पहले जयपुर के एक होटल में पांच लोकसभा क्षेत्रों दौसा, करौली-धौलपुर, नागौर, चूरू और झुंझुनू के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की।

सीकर में अमित शाह, भजनलाल शर्मा और पार्टी प्रत्याशी सुमेधानंद ने खुले वाहन में रोड शो किया। रोड शो श्री कल्याण मंदिर से शुरू हुआ और न्यू दूजोद गेट, घंटाघर, जाट बाजार से होकर गुजरा और एक घंटे से ज्यादा समय में लगभग दो किलोमीटर की दूरी तय करते हुए टपरिया बगीची में खत्म हुआ।

रोड शो पर लोगों ने फूल बरसाए और BJP, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और अन्य नेताओं के समर्थन में नारे लगाए। शाह ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी।


कैसा है सीकर का चुनावी मुकाबला?

जाट बाहुल्य सीकर लोकसभा सीट पर कांग्रेस गठबंधन की सहयोगी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) के उम्मीदवार अमराराम चुनाव लड़ रहे हैं। सीकर सीट पर CPM के पूर्व विधायक अमराराम का मुकाबला BJP के दो बार सांसद रहे सुमेधानंद से है।

सीकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का गृहनगर भी है। डोटासरा का विधानसभा क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ सीकर लोकसभा सीट में आता है।

सीकर लोकसभा सीट के तहत आने वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों में से पांच पर कांग्रेस और तीन पर BJP का कब्जा है।

राजस्थान में कब-कब हैं चुनाव?

राजस्थान में लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections 2024) दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे और सीकर उन 12 सीट में शामिल हैं, जहां 19 अप्रैल को पहले चरण में चुनाव होंगे।

पहले चरण में 12 लोकसभा सीटों गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर पर 19 अप्रैल को मतदान होगा।

दूसरे चरण में 13 लोकसभा सीट टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां पर 26 अप्रैल को मतदान होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।