Credit Cards

UP Lok Sabha Chunav Highlights: यूपी में दूसरे फेज का मतदान खत्म, शाम 5 बजे तक 52.74% वोटिंग, अमरोहा में सबसे अधिक पड़े वोट

UP Lok Sabha Chunav 2024 Voting Highlights: लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में पश्चिमी यूपी की 8 सीटों मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अमरोहा, अलीगढ़ और मथुरा में वोटिंग खत्म हो गई है। शाम 5 बजे तक 52.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इस दौरान अमरोहा में सबसे ज्यादा वोटिंग 61.89 प्रतिश तो मथुरा में सबसे कम 46.96 फीसदी मतदान हुआ है। इस चरण में जिन 8 सीटों पर मुख्य रूप से सत्तारूढ़ BJP, विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. और BSP के बीच मुकाबला होने की संभावना है

अपडेटेड Apr 26, 2024 पर 6:51 PM
Story continues below Advertisement
UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: आज करीब 1 करोड़ 67 लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे

UP Lok Sabha Election 2024 phase 2 Voting Highlights: उत्तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों पर दूसरे चरण का मतदान समाप्त हो चुका है। लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में पश्चिमी यूपी की 8 सीटों पर शाम 5 बजे तक 52.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस चरण में जिन 8 सीटों पर मुख्य रूप से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA), विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के बीच मुकाबला होने की संभावना है।

UP Lok Sabha Chunav 2024 Voting Highlights:-

(Fri, 26 Apr 2024 06:51 PM)


UP Lok Sabha Chunav 2024 Live:  यूपी में दूसरे फेज का मतदान खत्म

लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में पश्चिमी यूपी की 8 सीटों मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अमरोहा, अलीगढ़ और मथुरा में वोटिंग खत्म हो गई है। शाम 5 बजे तक 52.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इस दौरान अमरोहा में सबसे ज्यादा वोटिंग 61.89 प्रतिश तो मथुरा में सबसे कम 46.96 फीसदी मतदान हुआ है...

(Fri, 26 Apr 2024 05.45 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: यूपी में 5 बजे तक 52.74% मतदान

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर शाम 5 बजे तक 52.64 प्रतिशत मतदान हुआ है। यूपी की 8 लोकसभा सीटों पर शुक्रवार सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। दूसरे चरण में आज अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा सीटों पर मतदान हो रहा है।

(Fri, 26 Apr 2024 05:30 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: 'गारंटी से कुछ नहीं होता...'

बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी 400 या 500 पार बोले। गारंटी से कुछ नहीं होता। अगर जमीन पर काम नहीं किया है तो वह 400 क्या 250 पार भी नहीं कर पाएंगे। इस बार उन्हें जमीन पर उतर कर लोगों से पूछना चाहिए कि वो किसको वोट देना चाहते हैं। तो आपकी सचाई पता चल जाएगी।

(Fri, 26 Apr 2024 05:14 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: डीजीपी बोले- 'यूपी में शांतिपूर्ण चल रहा है मतदान'

उत्तर प्रदेश के DGP प्रशांत कुमार ने कहा कि यूपी के 9 जनपदों में 8 निर्वाचन क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है। सभी जगहों पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। कहीं से भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है...हमारे फील्ड के अधिकारी लगातार भ्रमणशील हैं। हमने चुनाव आयोग के मानकों के अनुसार व्यवस्था की है। 239 अर्धसैनिक बलों की कंपनियां लगाई गई हैं। 8,900 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर की नियुक्ती की गई है।

(Fri, 26 Apr 2024 04:45 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: 'वंदे मातरम का गायन नहीं करने वालों को वोट न दें'

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग हिंदुस्तान का खाते हैं, जो ये मानते हैं उनके पूर्वज हिंदुस्तानी हैं उनके आने वाली पीढ़ी को हिंदुस्तान में ही रहना है। उनको सोचना होगा उनका वोट उन विषधरों को नहीं जाना चाहिए जो लोग भारत माता जय जय कार करने में संकोच करते हों। उनको आपका वोट कतई नहीं जाना चाहिए। जो लोग वंदे मातरम का गायन करने में संकोच करते हैं उनको आपका वोट जाने का मतलब आपके द्वारा देश के खिलाफ साजिश रचने वालों को सम्मान देने का कार्य हो रहा है।

(Fri, 26 Apr 2024 04:27 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने अमरोहा में किया मतदान

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में वोट डालने के बाद भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मतदान करना आपका हक है, आपको आपकी पंसद की सरकार चुनने का हक है। मैं एक ही चीज बोलना चाहूंगा कि वोट डालें, अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट दें।"

(Fri, 26 Apr 2024 04:13 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: यूपी में 3 बजे तक किस सीट पर कितना हुआ मतदान?

अलीगढ़ में दोपहर 3 बजे तक 44.08% वोटिंग हुई है।

अमरोहा में 51.44 फीसदी वोट पड़े हैं।

बागपत में 42.92% मतदान हुआ है।

बुलंदशहर में 44.54 प्रतिशत वोटिंग हुई है।

गौतमबुद्धनगर में 44.08 फीसदी वोटिंग हुई है।

गाजियाबाद में 41.13 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला है।

वहीं, मथुरा में 39.45 फीसदी वोट पड़े हैं।

मेरठ में 47.52 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।

(Fri, 26 Apr 2024 03.40 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: यूपी में 3 बजे तक 44.13% मतदान

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 44.13 प्रतिशत मतदान हुआ है। यूपी की 8 लोकसभा सीटों पर शुक्रवार सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। दूसरे चरण में आज अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा सीटों पर मतदान हो रहा है।

(Fri, 26 Apr 2024 03.27 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: डिंपल यादव का दावा- 'क्षेत्रीय दल BJP के खिलाफ जीत रहे हैं'

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव ने शुक्रवार को कहा कि समाजवादी पार्टी और गठबंधन बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। देश भर में सभी क्षेत्रीय दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ जीत रहे हैं।

(Fri, 26 Apr 2024 03.15 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: यूपी में वोटिंग पर क्या बोले DGP प्रशांत कुमार?

उत्तर प्रदेश के DGP प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को कहा, ''आज लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 9 जिलों की 8 संसदीय सीटों पर मतदान शाम 7 बजे शुरू हो गया। शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।'' प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूपी में अभी तक 35.73 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।

(Fri, 26 Apr 2024 02:54 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: कांग्रेस और सपा ने की बूथों पर EVM में खराबी की शिकायत

कांग्रेस के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी X पर चुनाव आयोग को टैग करते हुए दावा किया है कि उन्हें गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 282 पर ईवीएम की खराबी के बारे में जानकारी मिली है। सपा ने कहा कि वह एक मुस्लिम बहुल क्षेत्र है। पार्टी ने कहा कि चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना चाहिए।

(Fri, 26 Apr 2024 02:20 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: यूपी में 1 बजे तक किस जिले में कितना हुआ मतदान?

अलीगढ़ में दोपहर 1 बजे तक 35.55% वोटिंग हुई है।

अमरोहा में 40.67 फीसदी वोट पड़े हैं।

बागपत में 34.17% मतदान हुआ है।

बुलंदशहर में 35.35 प्रतिशत वोटिंग हुई है।

गौतमबुद्धनगर यानी नोएडा में 1 बजे तक 36.05 फीसदी वोटिंग हुई है।

गाजियाबाद में 33.99 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला है।

वहीं, मथुरा में 32.70 फीसदी वोट पड़े हैं।

मेरठ में 38.33 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।

(Fri, 26 Apr 2024 01:48 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: यूपी में दोपहर 1 बजे तक 35.73% मतदान

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 35.73 प्रतिशत मतदान हुआ है। यूपी की 8 लोकसभा सीटों पर शुक्रवार सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। दूसरे चरण में आज अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा सीटों पर मतदान हो रहा है।

(Fri, 26 Apr 2024 01:26 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: ओपन हार्ट सर्जरी के बाद एंबुलेंस में वोट देने पहुंची महिला

उत्तर प्रदेश के नोएडा में ओपन हार्ट सर्जरी करवाने वाली 75 वर्षीय एक बुजुर्ग मरीज मतदान के लिए मतदान केंद्र पर एंबुलेंस में सवाल होकर पहुंचीं। महिला के जज्बा को लेकर सब लोग सलाम कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर शुक्रवार (26 अप्रैल) को सुबह 11 बजे तक 24.31 प्रतिशत मतदान हुआ है।

(Fri, 26 Apr 2024 01:09 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: RLD प्रमुख जयंत चौधरी ने मथुरा में किया मतदान

RLD प्रमुख जयंत चौधरी ने शुक्रवार को मथुरा में मतदान के बाद पत्रकारों से कहा कि वोटर्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को देखा है, 10 साल के कार्यों को देखा है और वे उससे प्रभावित हुए हैं... महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार जो भी फैसला लेगी उसमें हम उनके साथ हैं।

(Fri, 26 Apr 2024 12:53 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: नोएडा में मतदाताओं से मोबाइल जमा करने की अपील

यूपी के नोएडा के सेक्टर 75 स्थित गोल्फ एवेन्यू में एक पोलिंग बूथ पर मोबाइल ले जाने को लेकर सुरक्षाकर्मियों और मतदाता के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने वोटर से कहा कि अबर वोट डालना है तो अपना मोबाइल बाहर ही फोन जमा करो। इस दौरान वोटर्स और सुरक्षाकर्मियों के बीच बहस भी हो गई।

(Fri, 26 Apr 2024 12:35 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: सपा का आरोप- बागपत में मुस्लिम वोटर्स को वोट डालने से रोका गया

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर शुक्रवार सुबह 11 बजे तक 24.31 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस बीच, समाजवादी पार्टी (SP) ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "बागपत लोकसभा के मोदीनगर में बूथ संख्या 258, जो कि मुस्लिम बाहुल्य है, इसपर मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहा प्रशासन। संज्ञान ले चुनाव आयोग, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो।"

(Fri, 26 Apr 2024 12:12 PM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: यूपी के किस जिले में कितना हुआ मतदान?

अलीगढ़ में सुबह 11 बजे तक 24.42% वोटिंग हुई है।

अमरोहा में 28.45 फीसदी वोट पड़े हैं।

बागपत में 22.74% मतदान हुआ है।

बुलंदशहर में 23.43 प्रतिशत वोटिंग हुई है।

गौतमबुद्धनगर यानी नोएडा में 11 बजे तक 24.26 फीसदी वोटिंग हुई है।

गाजियाबाद में 23.19 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला है।

वहीं, मथुरा में 23.07 फीसदी वोट पड़े हैं।

मेरठ में 25.67 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।

(Fri, 26 Apr 2024 11:45 AM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: यूपी की 8 सीटों पर सुबह 11 बजे तक 24.31% वोटिंग

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर सुबह 11 बजे तक 24.31 प्रतिशत मतदान हुआ है। यूपी की 8 सीटों पर शुक्रवार को सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया जो शाम 6 बजे तक चलेगा। दूसरे चरण में आज अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा सीटों पर मतदान हो रहा है।

(Fri, 26 Apr 2024 11:23 AM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: अमरोहा में दानिश अली की सुरक्षाकर्मियों से नोंकझोंक

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में मोबाइल फोन लेकर वोट देने जाने पर सुरक्षाकर्मियों और I.N.D.I.A. गठबंधन के प्रत्याशी कांग्रेस नेता दानिश अली में नोकझोक हो गई। यूपी की 8 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक 11.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

(Fri, 26 Apr 2024 11:05 AM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: कांग्रेस प्रमुख खड़गे और राहुल गांधी ने की मतदाताओं से ये अपील

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार (26 अप्रैल) को जारी मतदान के बीच मतदाताओं से अपील की है कि वे संविधान बचाने और समावेशी विकास के लिए अपने वोट का इस्तेमाल करें। राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने घरों से संविधान के सिपाही बनकर बाहर निकलें। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्य की 88 सीटों पर शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी हैं। लोकसभा चुनाव 7 चरण में होने हैं और मतगणना 4 जून को होगी।

(Fri, 26 Apr 2024 10:56 AM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया प्रंचड बहुमत का दावा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरे चरण के हो रहे मतदान को लेकर कहा कि द्वितीय चरण के चुनाव में आज 13 राज्यों में मतदान हो रहा है। देश में PM मोदी के 10 साल के कार्यों को लेकर उत्साह, सकारात्मक उमंग है, इसे देखते हुए हम कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों को जनता का पूरा आशीर्वाद मिल रहा है। पूरे देश में फिर एक बार मोदी सरकार के संकल्प को पूरा करने में मदद मिलेगी, देश कार्यों को देखना चाहता है और PM मोदी ने 10 वर्षों में देश को एक नई दिशा दी है। इन 10 सालों में देश ने कुछ नया करके दिखाया है... इसका लाभ भाजपा को मिलेगा, मेरा यह मानना है कि 4 जून को जब परिणाम आएंगे तो प्रचंड बहुमत के साथ फिर से NDA की सरकार बनेगी।

(Fri, 26 Apr 2024 10:35 AM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: वीके सिंह ने की वोट डालने की अपील

गाजियाबाद से वर्तमान बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने शुक्रवार को कहा कि आइए और मतदान कीजिए, यही संदेश है। निसंदेह बीजेपी पूरे देश में जीत हासिल करने जा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने लक्ष्य दिया हुआ है, मुजे विश्वास है कि हम उस लक्ष्य को जरूर प्राप्त करेंगे।

(Fri, 26 Apr 2024 10:11 AM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: अमरोहा में सबसे अधिक वोटिंग, मथुरा में सबसे कम

यूपी में सुबह 9 बजे तक 11.67% मतदान दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, अमरोहा में सबसे अधिक 14.32 फीसदी वोटिंग हुई है, जबकि मथुरा में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया है। जानिए किस जिले सुबह 9 तक किसना मतदान हुआ है।

(Fri, 26 Apr 2024 10:04 AM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: यूपी के किस जिले में कितना हुआ मतदान?

अलीगढ़ में सुबह 9 बजे तक 12.20% वोटिंग हुई है।

अमरोहा में 14.32 फीसदी वोट पड़े हैं।

बागपत में 11.00% मतदान हुआ है।

बुलंदशहर में 11.99 प्रतिशत वोटिंग हुई है।

गौतमबुद्धनगर यानी नोएडा में 9 बजे 11.57 फीसदी वोटिंग हुई है।

गाजियाबाद में 10.67 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला है।

वहीं, मथुरा में 10.09 फीसदी वोट पड़े हैं।

मेरठ में 12.28 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।

(Fri, 26 Apr 2024 09:39 AM)

UP Lok Sabha Chunav 2024 Live: यूपी में सुबह 9 बजे तक 11.67% वोटिंग

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 8 संसदीय सीटों पर शुक्रवार सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक यूपी में 11.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

(Fri, 26 Apr 2024 09:14 AM)

UP Lok Sabha Chunav Voting live: हापुड़ में EVM में खराबी की शिकायत

उत्तर प्रदेश के हापुड़ के कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र में EVM मशीन में खराबी होने की शिकायत सामने आई है। आधे घंटे से मतदाता लाइन में खड़े होकर वोटिंग मशीने के ठीक होने का इंतजार करते रहे हैं। बूथ संख्या 59 का मैनेजमेंट देख रहे तेजपाल ने बताया कि EVM बदलने में कुल समय लगा, जिस वजह से थोड़ी देरी हुई। इसके अलावा गांव अनवरपुर और लाखन मतदान केंद्र पर 15 मिनट की देरी से वोटिंग शुरू हुआ।

(Fri, 26 Apr 2024 09:01 AM)

UP Lok Sabha Chunav Voting live: पीएम मोदी ने की मतदान करने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरे चरण में हो रहे मतदान के लिए लोगों से भारी संख्या में वोट करने की अपील की है। पीएम मोदी ने शुक्रवार सुबह X पर लिखा, "लोकसभा चुनाव में आज दूसरे चरण की सभी सीटों के मतदाताओं से मेरा विनम्र अनुरोध है कि वे रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें। जितना अधिक मतदान होगा, उतना ही मजबूत हमारा लोकतंत्र होगा। अपने युवा वोटर्स के साथ ही देश की नारीशक्ति से मेरा यह विशेष आग्रह है कि वोट डालने के लिए वे बढ़-चढ़कर आगे आएं। आपका वोट आपकी आवाज है!"

(Fri, 26 Apr 2024 08:45 AM)

UP Lok Sabha Chunav Voting live: मेरठ से बीजेपी प्रत्याशी अरुण गोविल ने की मतदान की अपील

उत्तर प्रदेश के मेरठ लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार अरुण गोविल ने कहा कि मैं सभी से अपील करना चाहता हूं कि सब लोगों को वोट जरूर डालना चाहिए। रामायण सीरियल में भगवान राम भूमिका निभाने वाले गोविल ने कहा कि ये हमारा देश के प्रति कर्तव्य है। मतदान हमारा अधिकार है।

(Fri, 26 Apr 2024 08:19 AM)

UP Lok Sabha Chunav Voting live: वोटर्स के लिए EC की स्पेशल व्यवस्था

चुनाव आयोग ने बताया कि चुनावी राज्यों में भीषण गर्मी और अधिकांश हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर तंबू और पीने के पानी जैसी व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग लगातार लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील कर रहा है।

(Fri, 26 Apr 2024 07:52 AM)

UP Lok Sabha Chunav Voting live: इन सीटों पर डाले जा रहे हैं वोट

उत्तर प्रदेश की जिन 8 सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा शामिल हैं। इन लोकसभा क्षेत्रों में करीब 1 करोड़ 67 लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।

(Fri, 26 Apr 2024 07:35 AM)

UP Lok Sabha Chunav Voting live: यूपी में 8 सीटों पर मतदान शुरू, त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

उत्तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों पर दूसरे चरण के तहत शुक्रवार (26 अप्रैल) सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। इस चरण में जिन 8 सीटों पर मुख्य रूप से सत्तारूढ़ BJP की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA), विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. और BSP के बीच मुकाबला होने की संभावना है।

इन सीटों पर डाले जा रहे हैं वोट

उत्तर प्रदेश की जिन 8 सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा शामिल हैं। इन लोकसभा क्षेत्रों में करीब 1 करोड़ 67 लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 90.11 लाख पुरुष, 77.38 लाख महिला और 787 अन्य मतदाता हैं। दूसरे चरण के चुनाव के लिए कुल 7,797 मतदान केंद्र और 17,677 मतदान स्थल बनाए गए हैं। मतदान शुक्रवार शाम 6 बजे तक चलेगा।

दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

इस चरण में मेरठ से अरुण गोविल की प्रतिष्ठा दांव पर है। 'दूरदर्शन' पर प्रसारित हुए लोकप्रिय धारावाहिक 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने वाले गोविल को बीजेपी ने उनके पैतृक क्षेत्र मेरठ से उम्मीदवार बनाया है। अमरोहा से कांग्रेस के दानिश अली, गाजियाबाद से बीजेपी के अतुल गर्ग और गौतमबुद्ध नगर सीट से महेश शर्मा भी लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रमुख प्रत्याशी हैं।

त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

दूसरे चरण के मतदान के लिए उत्तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों पर NDA, विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. और BSP के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ BJP ने इन आठ में से 7 सीटें जीती थीं, जबकि अमरोहा सीट BSP के खाते में गई थी। उत्तर प्रदेश में कुल 80 लोकसभा सीटें हैं और इस राज्य में सभी 7 चरणों में मतदान होगा।

ये भी पढे़ं- Lok Sabha Chunav 2024 2nd Phase LIVE: पश्चिम बंगाल में भिड़े बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और TMC कार्यकर्ता

दूसरे चरण के लिए BJP के अभियान का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। वहीं, समाजवादी पार्टी (SP) के चुनाव प्रचार अभियान की कमान मुख्य रूप से पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संभाली। जबकि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, BSP प्रमुख मायावती और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के प्रमुख जयंत चौधरी ने भी प्रचार किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।