Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां चुनावी अभियान में जुट गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बीजेपी तीसरी बार केंद्र की सत्ता पर काबिज होने की रेस में है। वहीं, बीजेपी के विजय रथ को रोकने के लिए विपक्षी दलों ने एकजुट होकर I.N.D.I.A गठबंधन बनाया है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सभी पार्टियों के लिए काफी अहम है, क्योंकि यहां 80 संसदीय क्षेत्र है। इस क्रम में आज हम बात कर रहे हैं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आने वाले चर्चित लोकसभा सीट मथुरा (Mathura Parliament Constituency) की, जिसका एक अलग धार्मिक महत्व है।
हिंदू धर्मग्रंथों के अनुसार मथुरा में भगवान कृष्ण का जन्मस्थान है। हिंदू पक्ष के लिए मथुरा-वृंदावन धार्मिक केंद्र का हिस्सा है। अयोध्या के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद के कारण मथुरा अक्सर सुर्खियों में बना रहता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अयोध्या के राम मंदिर का जिक्र करते हुए वाराणसी और मथुरा का मुद्दा उठाया था। सपा की तरफ से कांग्रेस को इस बार मथुरा सीट दी गई है।
मथुरा में हैट्रिक लगाने की तैयारी में बीजेपी
BJP-RLD गठबंधन उम्मीदवार के तौर पर जयंत चौधरी 2009 में मथुरा से सांसद चुने गए थे। इसके बाद 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में दिग्गज एक्ट्रेस हेमा मालिनी को मथुरा लोकसभा सीट पर जीत मिली। हेमा मालिनी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में जयंत चौधरी को शिकस्त दी थी। जबकि 2019 के लोकसभा चुनाव में हेमा मालिनी से RLD प्रत्याशी कुंवर नरेंद्र सिंह को हार का सामना करना पड़ा। अब 2024 में देखना होगा कि जनता का आशीर्वाद किसे प्राप्त होता है, क्योंकि इस बार RLD और भगवा पार्टी एक साथ चुनाव लड़ रही हैं।
मथुरा में त्रिकोणीय मुकाबला
मथुरा में इस बार बीजेपी उम्मीदवार और एक्ट्रेस हेमा मालिनी की लड़ाई इतनी आसान नहीं है। विपक्षी दलों के गठबंधन की तरफ से समाजवादी पार्टी ने मुकेश धनगर को टिकट दिया है। जबकि बहुजन समाज पार्टी ने सुरेश सिंह को टिकट दिया है। मथुरा में जाट मतदाता सबसे ज्यादा हैं। उन्हीं को साधने के लिए जाट उम्मीदवार उतारा गया है। उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा सीट में भी 26 अप्रैल को मतदान होना है।
जातीय समीकरण सहित अन्य डिटेल्स
- मथुरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र जनरल कैटेगरी की संसदीय सीट है। इसमें पूरा मथुरा जिला शामिल है।
- लोकसभा क्षेत्र की साक्षरता दर 59.19% है।
- मथुरा संसदीय सीट पर SC मतदाताओं की संख्या लगभग 356,266 है, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 19.8% है।
- मथुरा संसदीय सीट पर ST मतदाता लगभग 1,799 हैं, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 0.1% है।
- यहां ग्रामीण मतदाताओं की संख्या लगभग 1,246,929 है, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 69.3% है।
- मथुरा संसद सीट पर शहरी मतदाता लगभग 552,392 हैं जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 30.7% है।
- 2019 के संसदीय चुनाव के अनुसार मथुरा संसदीय सीट के कुल मतदाताओं की संख्या 1799321 है।
- 2019 के लोकसभा चुनाव में मथुरा संसदीय सीट पर 60.7% मतदान हुए थे।
- जबकि 2017 यूपी विधानसभा चुनाव में मथुरा संसदीय सीट पर 64.9% वोट पड़े थे।