UP Lok Sabha Election 2024 Phase 2: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) की 80 सीटों से दो सीट गौतमबुद्ध नगर (Gautam Buddha Nagar) और गाजियाबाद (Ghaziabad) भी हैं। ये दोनों संसदीय क्षेत्र पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आते हैं और एक दूसरे से सीमाएं जुड़ी हैं। इन दोनों सीटों पर दूसरे चरण 26 अप्रैल को मतदान होगा। उत्तर प्रदेश में सभी सात चरणों में वोटिंग होगी और 4 जून को नतीजे आएंगे। एक नजर गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीटों पर डालते हैं और जानते हैं कि यहां इस बार कौनसी पार्टी ने किसे अपनी उम्मीदवार बनाया है। साथ ही जानते हैं पिछले चुनाव नतीजे यहां कैसे रहे।
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर कौन हैं उम्मीदवार
सबसे पहले बात कर लेते हैं गाजियाबाद की। इस सीट से चुनाव लड़ने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में भारतीय जनता पार्टी से अतुल गर्ग, कांग्रेस से डॉली शर्मा और बहुजन समाज पार्टी से नंदकिशोर पुंढीर शामिल हैं। इस सीट पर समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के चलते अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है।
गाजियाबाद लोकसभा सीट साल 2008 में अस्तित्व में आई थी। इस संसदीय क्षेत्र में पांच विधानसभा सीट आती हैं- लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद और धौलाना। इन क्षेत्रों में कुल मिलाकर 29.02 लाख रजिस्टर्ड मतदाता है।
गाजियाबाद में 2019 लोकसभा चुनाव का नतीजा
2019 के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) में गाजियाबाद में बीजेपी के विजय कुमार सिंह यानी वीके सिंह ने 9,44,503 वोट हासिल कर बड़ी जीत हासिल की। 5,01,500 वोटों के भारी अंतर से गाजियाबाद सीट पर उनकी जीत हुई। 2009 से गाजियाबाद की संसदीय सीट पर BJP का कब्जा रहा है। तब, राजनाथ सिंह, जो अब भारत के रक्षा मंत्री हैं, इस लोकसभा क्षेत्र से जीते थे।
गौतमबुद्ध लोकसभा सीट पर कौन हैं उम्मीदवार?
गौतम बुद्ध नगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए 2024 उम्मीदवारों की लिस्ट में, बहुजन समाज पार्टी से राजेंद्र सिंह सोलंकी, भारतीय जनता पार्टी से डॉ. महेश शर्मा और समाजवादी पार्टी से राहुल अवाना शामिल हैं। यहां से I.N.D.I.A. गुट का सहयोगी होने के नाते कांग्रेस ने इस बार अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है।
गौतम बुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र 2008 में भारत के परिसीमन आयोग की सिफारिशों के आधार पर बनाया गया था। यह पहले खुर्जा लोकसभा सीट का हिस्सा हुआ करता था। ये संसदीय क्षेत्र बुलंदशहर और गौतम बुद्ध नगर जिलों को कवर करता है और इसमें पांच विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं: नोएडा, जेवर, दादरी, सिकंदराबाद और खुर्जा।
गौतम बुद्ध नगर में 2019 लोकसभा चुनाव का नतीजा
गौतम बुद्ध नगर संसदीय क्षेत्र उत्तर प्रदेश के 80 लोकसभा सीटों में से एक है और काफी महत्व रखता है। BJP के वर्तमान सांसद डॉ. महेश शर्मा ने लोकसभा चुनाव 2019 में 830,812 वोट हासिल कर प्रचंड जीत हासिल की। 336,922 वोटों के बड़े अंतर के साथ उनकी जीत हुई थी।