UP Lok Sabha Poll: बीजेपी की स्मृति ईरानी को अमेठी में कितनी टक्कर दे पाएंगे केएल शर्मा? कांग्रेस को अपने उम्मीदवार पर कितना भरोसा है!

कांग्रेस ने आखिरकार 3 मई को अमेठी से अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के सबसे वफादार नेताओं में से एक के एल शर्मा अमेठी में बीजेपी उम्मीदवार स्मृति ईरानी से मुकाबला करेंगे

अपडेटेड May 03, 2024 पर 3:34 PM
केएल शर्मा मूलत: पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। वह 1983 से ही कांग्रेस से जुड़े हैं। लेकिन, 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद पार्टी में उनकी भूमिका बढ़ गई।

यूपी की अमेठी लोकसभा सीट को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को यहां से अपना उम्मीवार बनाया है। उन्हें 'केएल' नाम से जाना जाता है। यूपी की जिन सीटों पर लोगों की सबसे ज्यादा निगाहें रहती हैं उनमें अमेठी और रायबरेली शामिल हैं। दोनों ही सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कांग्रेस ने 3 मई को कर दिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रायबरेली से भी चुनाव लड़ेंगे। इन दोनों ही सीटों के लिए शर्मा गांधी परिवार के मैनेजर की भूमिका निभाते रहे हैं। इस बार उन पर चुनावी मैदान में कांग्रेस की संभावनाओं को जीत में बदलने का चैलेंज है।

स्मृति ईरानी से सीधी टक्कर

के एल शर्मा (KL Sharma) का सीधा मुकाबला अमेठी में BJP की उम्मीदवार स्मृति ईरानी (Smriti Irani) से होगा। अमेठी में ईरानी ने 2019 के चुनावों में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को हराया था। इस बार राहुल केरल के वायनाड और रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि गांधी परिवार की इस पारंपरिक सीट पर शर्मा ईरानी के लिए कितनी बड़ी चुनौती पेश करते हैं। 2019 के चुनावों में राहुल को हराने के बाद ईरानी का हौसला बुलंद है।


पंजाब के रहने वाले हैं शर्मा

शर्मा मूलत: पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। वह 1983 से ही कांग्रेस से जुड़े हैं। लेकिन, 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस में उनकी भूमिका बढ़ गई। वह सोनिया गांधी के सबसे वफादार लोगों में से एक बन गए। रायबरेली और अमेठी में सोनिया गांधी के लिए राजनीत की रणनीति बनाने की जिम्मेदारी शर्मा पर रही। वह शायद ही कभी दिल्ली और खासकर 10, जनपथ का दौरा करते हैं। अगर कभी वह जाते हैं तो उनका यह दौरा बहुत गुप्त रखा जाता है।

पिछले 5 दशकों से रायबरेली शर्मा का घर

केएल पर पहली बार 1983 में राजीव गांधी की नजर पड़ी थी। उसके बाद वह रायबरेली आ गए। तब से वह रायबरेली के होकर रह गए। वह यूथ कांग्रेस के भी हिस्सा रह चुके हैं। बताया जाता है कि आज भी सोनिया गांधी केएल पर बहुत भरोसा करती हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उन्हें कांग्रेस का सच्चा सिपाही माना जाता है।

शर्मा ने कहा-मैं कमजोर उम्मीदवार नहीं

अमेठी से बतौर उम्मीदवार अपने नाम का ऐलान होने के बाद केएल ने कहा, "मैं गांधी परिवार के फैसलों से बंधा हूं। मैं नहीं मानता कि मैं एक कमजोर उम्मीदवार हूं। मैं अमेठी को स्मृति ईरानी से कहीं ज्यादा जानता हूं।" माना जा रहा है कि केएल के खिलाफ ईरानी को चुनाव जीतने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। अमेठी की सीट पर चुनावी नतीजा चाहे जो भी आए, लेकिन केएल के कांग्रेस का उम्मीदवार बनाए जाने से कुछ चीजें साफ हो गई हैं।

यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024 Live

यूपी की राजनीति के लिए क्या हैं मायने?

पहला, 2019 के लोकसभा चुनावों में ईरानी के हाथों हार का सामना करने के बाद राहुल गांधी अब इस सीट से चुनाव लड़ने को तैयार नहीं हैं। दूसरा, जिस सीट को गांधी परिवार हमेशा अपनी मानता रहा है, अब उसकी पहचान बदलने जा रही है। इसका न सिर्फ अमेठी में कांग्रेस की संभावनाओं पर असर पड़ेगा बल्कि यह पूरे यूपी में कांग्रेस के भविष्य के लिए अहम है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।