UP Lok sabha Polls 2024: पश्चिमी इलाके की 8 सीटों पर आज यानी 19 अप्रैल को मतदान के साथ ही उत्तर प्रदेश में राजनीतिक पारा बढ़ गया है। सबसे ज्यादा नजरें रायबरेली और कैसरगंज सीटों पर लगी है। किसी राजनीतिक दल ने दोनों ही सीटों के लिए उम्मीदवार खड़े नहीं किए हैं। BJP सहित सभी प्रमुख दलों ने राज्य की ज्यादातर सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के ऐलान कर दिए हैं। BJP राज्य में 75 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इनमें से वह 73 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। SP राज्य की 63 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इनमें से वह 61 पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। कैसरगंज के अलावा उसने अब तक सिर्फ कन्नौज के लिए उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है।
पहली बार किसी सीट को लेकर शह और मात का ऐसा खेल
लखनऊ के गिरि इंस्टीट्यूट ऑफ डेवलपमेंट स्टडीज की नोमिता पी कुमार ने कहा, "ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। मुझे याद नहीं है जब राजनीतिक दलों ने किसी निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवार तय करने के मामले में एक-दूसरे का इंतजार किया था। ऐसा लगता है कि यह शतरंज का खेल है, जिसमें एक खिलाड़ी दूसरे की चाल चलने का इंतजार करता है।" उन्होंने कहा कि किसी खास सीट से किसी राजनीतिक दल का उम्मीदवार नहीं खड़ा करने की खबर आती रही है। लेकिन, एक साथ दो दलों में से किसी का उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं करना चौंकाता है।
SP और कांग्रेस मिलकर लड़ रही चुनाव
इस बार SP और कांग्रेस यूपी में मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। सपा 63 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस 17 पर। कांग्रेस के खाते में रायबरेली और अमेठी की सीट आई है। लेकिन, उसने अब तक दोनों सीटों पर उम्मीदवार नहीं खड़े किए हैं। उधर, BJP ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को अमेटी से टिकट दिया है। पार्टी ने कन्नौज से वतर्मान सांसद सुब्रत पाठक को टिकट दिया है। SP ने अब तक 35 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों के ऐलान नहीं किए हैं। इनमें रायबरेली और कैसरगंज की सीट शामिल हैं।
रायबरेली की सीट ऐतिहासिक रही है
रायबरेली की सीट का संबंध गांधी परिवार से रहा है। सोनिया गांधी के राज्यसभा का सदस्य बन जाने के बाद रायबरेली पर कांग्रेस के उम्मीदवार पर नजरें लगी हैं। रायबरेली संसदीय क्षेत्र में कई जातियों की अच्छी संख्या है। इनमें ब्राह्मण, ठाकुर, यादव और मुस्लिम शामिल हैं। BJP ने भी इस सीट से अब तक अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। अटकल है कि पार्टी पूर्व सपा विधायक मनोज पांडेय को इस सीट से उम्मीदवार बना सकती है।
कैसरगंज में BJP उम्मीदवार के नाम पर लगी हैं नजरें
यूपी की दूसरी सीट जिस पर BJP, SP और BSP ने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किए हैं वह कैसरगंज है। यह सीट देवीपाटन इलाके में आती हैं। अभी यहां से बृजभूषण शरण सिंह सांसद हैं। उन पर कई महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। सूत्रों का कहना है कि पार्टी से सीनियर लीडर सिंह से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने को कह रहे हैं। भाजपा उनकी पत्नी केतकी देवी को टिकट देने को तैयार है। सिंह को लेकर भाजपा की दुविधा की वजह यह है कि कम से कम चार सीटों पर उनका असर है।
यह भी पढ़ें: UP Lok sabha Polls 2024: यूपी की 8 सीटों पर आज वोटिंग, मुस्लिम मतदाताओं के असर वाले इन सीटों पर हो सकता है उलटफेर
यह भी पढ़ें: Lok Sabha Elections 2024: राजस्थान के दौसा में 85 वर्षीय बुजुर्ग को चारपाई पर लेकर ग्रामीणों ने निकाली वोट बारात