'काशी और अयोध्या डन, अब बृजभूमि पर ध्यान केंद्रित करेंगे', मथुरा में सीएम योगी ने हेमा मालिनी के लिए मांगा समर्थन

UP Loksabha Election 2024: सीएम योगी ने विपक्ष पर तंज करते हुए कहा कि दूसरी पार्टियों को प्रत्याशी ढूंढ़े नहीं मिल रहे हैं, उन्हें उधार में उम्मीदवार लेने पड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उधार के भी उम्मीदवार नहीं मिल रहे तो कांग्रेस के नेता अपना आपा खोकर मातृ शक्ति पर अपमानजनक टिप्पणी करके आधी आबादी का अपमान करने पर उतारू हो गए हैं

अपडेटेड Apr 04, 2024 पर 7:39 PM
UP Loksabha Election 2024: सीएम योगी ने संबोधन के दौरान कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद का भी जिक्र किया

UP Loksabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (UP CM Yogi Adityanath) ने गुरुवार (4 अप्रैल) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार एक्ट्रेस हेमा मालिनी (Hema Malini) के लिए समर्थन जुटाने के लिए लोकसभा क्षेत्र मथुरा में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान विपक्षी दलों पर निशाना साधा और लोगों से "उन पर वोट बर्बाद न करने" का आग्रह किया। आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद का भी जिक्र किया।

सीएम योगी ने अयोध्या के बाद काशी और मथुरा में भी मंदिर-मस्जिद विवाद में हिंदू पक्ष की जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि अयोध्या के लिए 500 साल तक इंतजार करने के बावजूद हम संघर्ष से पीछे नहीं हटे और फैसला आखिरकार हिंदुओं के पक्ष में आया।

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, सीएम योगी ने कहा, "हमने काशी, अयोध्या का काम पूरा कर लिया है...अब हमें पूरा फोकस बृज भूमि पर करना है। दिक्कतें आएंगी न्यायालय और दूसरी जगह से भी, लेकिन अंत में जीत हमारी होगी।"


विपक्ष पर कसा तंज

आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तंज करते हुए कहा कि दूसरी पार्टियों को प्रत्याशी ढूंढ़े नहीं मिल रहे हैं, उन्हें उधार में उम्मीदवार लेने पड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उधार के भी उम्मीदवार नहीं मिल रहे तो कांग्रेस के नेता अपना आपा खोकर मातृ शक्ति पर अपमानजनक टिप्पणी करके आधी आबादी का अपमान करने पर उतारू हो गए हैं। सीएम योगी ने विजय संकल्प नामांकन सभा को संबोधित करते हुए मथुरा से मौजूदा सांसद और तीसरी बार बीजेपी प्रत्याशी बनाई गईं हेमा मालिनी के पक्ष में प्रचार किया।

उन्होंने अयोध्या के बाद काशी और मथुरा में मंदिर-मस्जिद विवाद को लेकर अदालतों में चल रहे मुकदमों का जिक्र करते हुए हिंदू पक्ष की जीत की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा, ''कई जगह न्यायालयों में मामला होने के कारण हमें रुकना पड़ता है। मगर हम यही मानकर चलते हैं कि अंतत: हमारी जीत होनी है।'' आदित्यनाथ ने कहा, ''हमने अयोध्या के लिए 500 साल तक इंतजार किया, लेकिन संघर्ष से कभी पीछे नहीं हटे और अंतत: परिणाम हमारे पक्ष में आया।''

'सपा ने रामभक्तों पर चलाई गोलियां'

पीटीआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, ''आखिर क्या वजह थी कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण सपा, बसपा और कांग्रेस ने नहीं कराया। ये लोग तो रामभक्तों पर गोली चलाते थे। कोई जय श्रीराम भी कह देता था तो उन पर लाठी और गोलियां चलती थीं।''

उन्होंने कहा, ''60 साल तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस ने काशी, मथुरा और अयोध्या में विकास क्यों नहीं किया। हेमा मालिनी जी के सुझाव पर मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, बलदेव का विकास ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से सुनिश्चित किया गया है। ऐसे ही सभी तीर्थों में विकास तेज गति से आगे बढ़ रहा है।''

'मथुरा और वृंदावन पर सरकार का ध्यान'

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब अयोध्या और काशी के बाद मथुरा और वृंदावन पर उनकी सरकार का पूरा ध्यान है। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। उन्होंने हेमा मालिनी पर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला की कथित अभद्र टिप्पणी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि मातृशक्ति पर ओछी टिप्पणी करने वालों को भगवान भी बचा पाएंगे या नहीं, इसमें संदेह है।

ये भी पढ़ें- जमुई में लालू परिवार पर बरसे पीएम मोदी, कूच बिहार में TMC पर साधा निशाना

उन्होंने कहा, "तीसरी बार हेमा जी यहां से प्रत्याशी बनी हैं, लेकिन दूसरी पार्टियों को प्रत्याशी ढूंढ़े नहीं मिल रहे। उन्हें उधार में प्रत्याशी लेने पड़ रहे हैं। उधार में भी प्रत्याशी नहीं मिलने पर कांग्रेस के नेता अपना आपा खो चुके हैं। वे मातृ शक्ति पर अपमानजनक टिप्पणी करके आधी आबादी का अपमान करने पर उतारू हो चुके हैं।''

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।