रामपुर-मुरादाबाद सीट पर सपा के दो-दो उम्मीदवार! पार्टी ने साफ की स्थिति, झुकने को तैयार नहीं कोई प्रत्याशी

UP Loksabha Election: रामपुर में जहां लोकसभा उपचुनाव लड़ चुके आसिम रजा ने खुद को सपा उम्मीदवार बताते हुए इस बार नामांकन दाखिल किया। तो वहीं, ऐसा ही दावा करते हुए मुहिबउल्लाह नदवी ने भी पर्चा दाखिल कर दिया। वहीं सपा नेतृत्व ने भी ये माना कि शुरआत में दोनों सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर कुछ संशय की स्थिति थी, लेकिन बाद में उसे ठीक कर लिया गया है

अपडेटेड Mar 27, 2024 पर 10:37 PM
UP Loksabha Election: रामपुर-मुरादाबाद सीट पर सपा के दो-दो उम्मीदवार!

UP Loksabha Election: लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को नामांकन करने का आखिरी दिन, लेकिन UP में दो सीट ऐसी हैं, जहां दिनभर सपा Vs सपा ही चलता रहा। पूरे दिन बस यही कंफ्यूजन रहा कि आखिर रामपुर (Rampur) और मुरादाबाद (Moradabad) लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) का आधिकारिक उम्मीदवार कौन है? इस सवाल का जवाब जनना इसलिए भी जरूरी था, क्योंकि आज शाम 3 बजे तक ही नॉमिनेशन फाइल करना था और उधर अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ये ही तय नहीं कर पा रहे थे कि इन दोनों सीट पर वो किसे उम्मीदवार बनाएं।

हालांकि पार्टी नेतृत्व ने बाद में मुरादाबाद से मौजूदा सांसद एसटी हसन (ST Hasan) का टिकट काटकर रुचि वीरा (Ruchi Veera) को और रामपुर से मुहिबउल्ला नदवी (muhibullah nadwi) को अपना उम्मीदवार घोषित किया।

क्यों बनी ऐसी स्थिति?


दरअसल ये स्थिति तब पैदा हुई, जब मुरादाबाद सीट से एसटी हसन नाम ऐलान होने के बाद पर्चा भर चुके थे, लेकिन बुधवार को रुचि वीरा ने भी सपा के टिकट पर नामांकन भर दिया। कुछ ऐसी ही स्थिति रामपुर में बनी और दोनों ही सीटों पर खुद को सपा प्रत्याशी बताकर दो-दो उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने से दिन भर भ्रम ही फैला रहा।

रामपुर में जहां लोकसभा उपचुनाव लड़ चुके आसिम रजा ने खुद को सपा उम्मीदवार बताते हुए इस बार नामांकन दाखिल किया। तो वहीं, ऐसा ही दावा करते हुए मुहिबउल्लाह नदवी ने भी पर्चा दाखिल कर दिया।

उधर, मुरादाबाद में पार्टी नेता रुचि वीरा के सपा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन करने के बाद काफी ज्यादा कंफ्यूजन हो गया। इससे पहले, मंगलवार को मुरादाबाद से मौजूदा सपा सांसद एस. टी. हसन ने भी सपा उम्मीदवार के रूप में ही नामांकन दाखिल किया था।

समाजवादी पार्टी ने काफी देर बाद किया सबकुछ साफ

हालांकि, शाम को पार्टी नेतृत्व ने स्थिति साफ कर दी। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि मुरादाबाद से मौजूदा सांसद एस टी हसन का टिकट काट दिया गया है और उनकी जगह पर बिजनौर की पूर्व विधायक रुचि वीरा को पार्टी का ऑफिशियल प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा रामपुर से मुहिबउल्ला नदवी पार्टी के उम्मीदवार हैं। नदवी दिल्ली के संसद मार्ग पर जामा मस्जिद के इमाम हैं।

सपा नेता ये भी माना कि शुरआत में दोनों सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर कुछ संशय की स्थिति थी, लेकिन बाद में उसे ठीक कर लिया गया है।

नदवी बनाम रजा

रामपुर से सपा प्रत्याशी नदवी ने नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से कहा, "मुझे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ने भेजा है। आजम खान भी मेरे हमदर्द हैं और मैं उनके लिए दुआ करता हूं। मैंने समाजवादी पार्टी से अपना नामांकन दाखिल किया है और मुझे साइकिल का सिंबल भी मिला है।''

रामपुर सीट से ही खुद को सपा प्रत्याशी बताकर नामांकन करने वाले आसिम रजा ने मीडिया से कहा, "हमने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार की हैसियत से अपना नामांकन भरा है। कौन चुनाव मैदान में रहेगा, यह 30 मार्च (नाम वापसी की तारीख) को तय होगा।"

इस सवाल पर कि रामपुर से सपा उम्मीदवार के तौर पर उनके साथ—साथ मुहिबउल्ला नदवी ने भी नामांकन किया है, रजा ने कहा, "मैं कह रहा हूं कि 20 लोग पर्चा भर दें... उससे क्या होता है। अगली 30 तारीख को सब फाइनल हो जाएगा।"

उधर, मुरादाबाद लोकसभा सीट से पार्टी नेता रुचि वीरा ने नामांकन दाखिल किया। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें टिकट दिया है, लिहाजा वह नामांकन करने के लिए आई हैं। इस सवाल पर कि क्या उन्हें पार्टी का चुनाव निशान मिल गया है, रुचि वीरा ने कहा, "हमें सिम्बल मिल जाएगा।" एस टी हसन के मुरादाबाद सीट से नामांकन किए जाने पर उन्होंने कहा, ''यह पार्टी नेतृत्व से पूछिये। वह मेरे प्रतिद्वंद्वी नहीं बल्कि बड़े भाई हैं।"

आजम खान की भूमिका भी अहम

रुचि वीरा भी सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान की करीबी मानी जाती हैं। इस पूरे मामले में आजम खान का रोल काफी अहम है। क्योंकि ऐसी खबर हैं कि आजम खान ने अखिलेश यादव से रामपुर से चुनाव लड़ने को कहा था, लेकिन अखिलेश यादव ने उनकी मांग नहीं मानी और लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections 2024) लड़ने से इनकार कर दिया। इससे भड़के आजम खान ने चुनाव बहिष्कार की भी चेतावनी दे डाली। रामपुर में आजम के समर्थकों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर दिया था।

समाजवादी पार्टी के रामपुर जिला अध्यक्ष अजय सागर ने घोषणा की कि उनकी पार्टी रामपुर में लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेगी। सागर और जेल में बंद नेता आजम खान के नाम वाले एक बयान में सत्तारूढ़ भाजपा पर चुनाव उल्लंघन और सपा नेताओं के खिलाफ ज्यादती का आरोप लगाया गया।

सागर ने कहा, "उप-चुनाव में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रशासन के रवैये के कारण हम अपने नेता आजम खान साहब के आदेश पर चुनाव का बहिष्कार कर रहे हैं। साथ ही हमें हुई समस्याओं और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के कारण भी हम चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे।"

ऐसा माना जा रहा है कि इस तरह की चेतावनियों से नाराज अखिलेश यादव ने भी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष होने की पूरी पावर दिखाई और जवाब में रामपुर से आजम के किसी करीबी को टिकट न देकर नदवी को दिल्ली से लाकर चुनाव लड़ाने का फैसला किया है।

रामपुर-मुरादाबाद सीट पर सपा के दो-दो उम्मीदवार! पार्टी ने साफ की स्थिति, झुकने को तैयार नहीं कोई प्रत्याशी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।