स्टॉक मार्केट में अच्छा रिटर्न हासिल करने वाले लोकप्रिय निवेशकों में शामिल Dolly Khanna के पोर्टफोलियो में जून तिमाही के दौरान बड़ा बदलाव हुआ है। डॉली ने इसमें 7 नए स्टॉक जोड़े हैं, 5 स्टॉक में निवेश घटाया है और 3 स्टॉक्स में हिस्सेदारी में बढ़ोतरी की है। उनके पोर्टफोलियो में ये बदलाव रिटेल इनवेस्टर्स को भी इसका संकेत दे रहे हैं कि स्टॉक मार्केट की अच्छी जानकारी रखने वाले निवेशक किस दिशा में जा रहे हैं।
डॉली ने हाल ही में KCP के और शेयर्स खरीदे हैं। इस कंपनी में मार्च तिमाही में उनकी हिस्सेदारी लगभग 3.34 प्रतिशत की थी जो पिछले तिमाही में बढ़कर लगभग 4.33 प्रतिशत पर हो गई।
उनके पोर्टफोलियो को देखने से पता चलता है कि इस कंपनी में हिस्सेदारी खरीदने के बाद से उन्होंने प्रत्येक तिमाही में इसे बढ़ाया है। इसका एक कारण KCP के शेयर प्राइस का पिछला रिकॉर्ड हो सकता है। पिछले एक वर्ष में इस स्टॉक ने लगभग 180 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। इसमें कंपनी की ओर से घोषित डिविडेंड शामिल नहीं है।
KCP के जून तिमाही के लिए शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, डॉली के पास कंपनी के 55,87,291 शेयर्स हैं, जो इसमें लगभग 4.33 प्रतिशत की हिस्सेदारी है।
पिछले एक महीने में इस कंपनी का स्टॉक 31 प्रतिशत से अधिक चढ़ा है। पिछले छह महीनों में इसमें लगभग 120 प्रतिशत की तेजी आई है। हालांकि, अगर पिछले एक वर्ष में इसके प्राइस को देखा जाए तो इसने 180 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। यह एक वर्ष पहले लगभग 56 रुपये पर था, जो अब बढ़कर लगभग 159 रुपये पर पहुंच गया है।