बाजार में आज शानदार तेजी देखने को मिली। सेसेंक्स-निफ्टी सहित बैंक निफ्टी ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। आज के कारोबार में छोटे-मझोले शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स आज 1 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.74 फीसदी की बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा। कारोबार के अंत में सेसेंक्स 459.64 अंक यानी 0.75 फीसदी की बढ़त के साथ 61,765.59 के स्तर पर बंद हुआ । वहीं निफ्टी 138.50 अंक यानी 0.76 फीसदी की मजबूती के साथ 18,477.05के स्तर पर बंद हुआ।
आज इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा हलचल
UltraTech Cement | CMP: Rs 7,395 |अच्छे नतीजों के बावजूद आज ये शेयर सपाट बंद हुआ हुआ है। अल्ट्राटेक सीमेंट के 30 सितंबर 2021 को खत्म हुई तिमाही के नतीजों के मुताबित दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलीडेटेड मुनाफा 1,313.5 करोड़ रुपए रहा । जबकि इसके 1,342 करोड़ रुपए रहने का अनुमान किया गया था। बता दें कि इसके पिछले साल की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलीडेटेड मुनाफा 1166.4 करोड़ रुपए रहा था। दूसरी तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड आय 12,017 करोड़ रुपए पर रही है। जबकि इसके 11,654 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान किया गया था। बता दें कि इसके पिछले साल की दूसरी तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड आय 10,387.1 करोड़ रुपए रही थी।
Ramkrishna Forgings | CMP: Rs 1,201 |भारतीय रेल से एक बड़ा ऑर्डर मिलने के बाद आज ये शेयर 3 फीसदी से ज्यादा बढ़त के साथ बंद हुआ है।
Mahindra CIE | CMP: Rs 263 | वित्त वर्ष 2022 की दूसरी तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड मुनाफा पिछले साल की दूसरी तिमाही के 60.76 करोड़ रुपए से बढ़कर 166.42 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, आय 1,694.3 करोड़ रुपए से बढ़कर 2,090.7 करोड़ रुपए पर आ गई है।
Weizmann | CMP: Rs 58.15 |आज ये शेयर 5 फीसदी टूटा है। कंपनी की 16 अक्टूबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग में 14,12,515 शेयरों के बाई बैक पर विचार किया जाएगा।
Shilpa Medicare | CMP: Rs 617 | आज इस शेयर में भी 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। कंपनी के बोर्ड ने 14 अक्टूबर को 52.75 लाख शेयरों के प्रिफरेंशियल एलॉटमेंट को मंजूरी दे दी है।
Paras Defence | CMP: Rs 750.35 | कंपनी ने डिफेंस कलपुर्जों के रखरखाव और सर्विसिंग के लिए एक एसोसिएट कंपनी के गठन को मंजूरी दे दी है। इस खबर के चलते आज ये शेयर 20 फीसदी भागा है।
Avenue Supermarts | CMP: Rs 4,920 |नतीजों के बाद हुई मुनाफा वसूली के चलते आज ये शेयर 7 फीसदी से ज्यादा टूटा है। डीमार्ट (DMart) नाम से रिटेल स्टोर चेन चलाने वाली एवेन्यु सुपरमार्ट्स (Avenue Supermarts) का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट दूसरी तिमाही में 113.2 फीसदी बढ़ गया। कंपनी ने शनिवार को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के लिए अपने नतीजे जारी किए। एवेन्यु सुपरमार्ट्स का जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 448.90 करोड़ रुपये रहा है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 210.20 करोड़ रुपये था।
HDFC Bank | CMP: Rs 1,674.50 |एचडीएफसी बैंक में भी आज मुनाफा वसूली रही और ये लाल निशान में बंद हुआ। बैंक ने शनिवार को सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था। बैंक का नेट प्रॉफिट इस दौरान 18% बढ़कर 8,834 करोड़ रुपए रहा। जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में HDFC Bank का नेट प्रॉफिट 7,513 करोड़ रुपए था। HDFC Bank की नेट आमदनी (नेट इंटरेस्ट इनकम+अन्य आमदनी) 14.7% बढ़कर 25,085.2 करोड़ रुपए रही। पिछले साल की सितंबर तिमाही में यह 21,868.8 करोड़ रुपए थी। HDFC Bank का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 12.1% बढ़कर 17,684.4 करोड़ रही। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 15,776.4 करोड़ रुपए थी।
Fortis Healthcare | CMP: Rs 262.50 |सितंबर 2021 तिमाही में Fortis Healthcare में राकेश झुझुनवाला की होल्डिंग 4.31 फीसदी से घटकर 4.23 फीसदी पर आ गई है। इस खबर के चलते आज ये शेयर 4 फीसदी से ज्यादा टूटा है।