कैपिटल वाया ग्लोबल रिसर्च के गौरव गर्ग ने मनीकंट्रोल के साथ हुई एक बातचीत में संवत 2078 में निफ्टी बैंक बेहतर प्रदर्शन करता नजर आएगा। गौरतलब है कि पिछले कुछ सालों में बैंक निफ्टी अंडरपरफ़ॉर्मर रहा है। इस बातचीत में उन्होंने आगे कहा कि बैंक निफ्टी अपने करेंट लेवल से करीब 20 फीसदी का उछाल दिखाते हुए 48,000 का स्तर छूता नजर आ सकता है।
निफ्टी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगली दिवाली तक यह 21,000 का लेवल छू सकता है और इस रैली में बैंकिंग शेयरों का योगदान ज्यादा रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि बाजार में बुल रन आगे भी जारी रहेगा। हालांकि यहां से हमें सेक्टोरल रोटेशन देखने को मिल सकता है। उन्होंने आगे कहा कि ब्याज दर के निचले स्तर पर रहने से आगे हमें रेट सेंसिटिव स्टॉक्स में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है।
छोटे-मझोले शेयरों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अभी तक छोटे-मझोले शेयरों ने दिग्गजों की तुलना में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया है। मिड और स्म़ॉलकैप में बहुत ज्यादा तेजी आ चुकी है और इनका वैल्यूएशन महंगा नजर आ रहा है। ऐसे में हमें ऊपरी स्तरों पर कुछ मुनाफावसूली कर लेनी चाहिए।
मिड और स्मॉलकैप में हमें अब कुछ तिमाहियों में कंसोलिडेशन देखने को मिल सकता है। वहीं लॉर्जकैप शेयरों में अगले कुछ सालों में स्थिर रिटर्न देखने को मिलेगा। निवेशकों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने लॉर्जकैप शेयरों के पोर्टफोलियों को डायवर्सिफाइड करके रखें।
प्राइमरी मार्केट पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 2 साल आईपीओ बाजार के लिए काफी अच्छे रहे हैं और उम्मीद है कि नए साल में भी हमें आईपीओ मार्केट में गहमागहमी देखने को मिलेगी। इस साल कई अच्छे आईपीओ आने वाले हैं। जिनमें काफी अच्छा लिस्टिंग गेन मिल सकता है। इन आईपीओ में LIC, NSE, Paytm और कई बड़े नाम शामिल हैं। उम्मीद है कि नए साल में आईपीओ मार्केट से 70,000 करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं।
बाजार की आगे की दशा और दिशा पर बात करते हुए उन्होंने आगे कहा कि बाजार की नजर अब कच्चे तेल की कीमत, उत्तरप्रदेश के चुनाव और यूनियन बजट 2022 पर होगी। उन्होंने इस बातचीत में कहा कि वर्तमान 85 डॉलर प्रति बैरल के भाव से कच्चे माल की कीमतों में यहां और से तेजी देखने को मिल सकती है जिससे बाजार के सेंटिमेंट पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा अगर यूएस में ब्याज दरों में बढ़ोतरी होती है तो पैसे का प्रवाह इक्विटी से दूसरे निवेश विकल्पों की तरफ हो सकता है।
Paytm और Sapphire Foods में से कौन सा आईपीओ सबसे ज्यादा बेहतर है। इस सवाल का जबाव देते हुए गौरव गर्ग ने कहा कि पेटीएम का आईपीओ ब्लॉकबस्टर हो सकता है। Sapphire Foods की तुलना में इसमें अच्छी लिस्टिंग गेन की उम्मीद की जा सकती है।
1 साल के नजरिए से गौरव गर्ग के पसंदीदा स्टॉक
गौरव गर्ग के पसंदीदा स्टॉक में Maruti Suzuki और Bharti Airtel के नाम शामिल हैं। इनका मानना है कि अगले 1 साल में मारुति सुजुकी 8000 का लेवल पार कर सकता है और 10,000 के आसपास स्थित अपने ऑल टाइम हाई को भी छू सकता है। वहीं भारती एयरटेल भी अगले 1 साल में जबरजस्त तेजी दिखा सकता है। कंपनी का ARPU 153 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है और इसके अफ्रीकी कारोबार में भी जोरदार तेजी देखने को मिली है। यह अपने सभी अहम सपोर्ट लेवल के ऊपर टिका है और आगे इसमें और तेजी आने की उम्मीद है।