माइनिंग कंपनी वेदांता के स्टॉक में बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। मद्रास हाई कोर्ट ने मंगलवार को कंपनी को नोटिस जारी कर इसकी तूतिकोरिन प्लांट में प्रदूषित साइट के समाधान के बारे में जानकारी मांगी थी। इससे कंपनी के स्टॉक पर प्रेशर बढ़ा है। BSE पर बुधवार को वेदांता का स्टॉक शुरुआती कारोबार में 2.14 प्रतिशत तक गिरकर 296.65 रुपये पर चला गया था।
वेदांता की लिस्टेड यूनिट हिंदुस्तान जिंक ने इंटरिम डिविडेंड को अप्रूवल देने के लिए मंगलवार को होने वाली बोर्ड मीटिंग टाल दी थी। इससे भी कंपनी को लेकर आशंका बनी है।
मद्रास हाई कोर्ट में वेदांता के खिलाफ एक जनहित याचिका पर कोर्ट ने तूतिकोरिन प्लांट में प्रदूषित साइट्स के समाधान को लेकर कंपनी को नोटिस दिया है।
जनहित याचिका में वेदांता को स्टरलाइट कॉपर प्लांट के अंदर सभी प्रदूषित मैटीरियल को हटाने का निर्देश देने की मांग की गई है।
वेदांता का शेयर BSE पर 2.38 प्रतिशत गिरकर 295.45 रुपये पर बंद हुआ।