देश की बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों में शामिल टाटा मोटर्स ने अपने नए इलेक्ट्रिक व्हीकल को लॉन्च करने की घोषणा की है। पिछले वर्ष नेक्सॉन EV के लॉन्च के बाद कंपनी ने अब टिगोर का इलेक्ट्रिक वर्जन उतारा है। इसकी बुकिंग टाटा मोटर की चुनिंदा डीलरशिप पर 21,000 रुपये में कराई जा सकती है।
इस कार को टियल ब्लू कलर में लॉन्च किया जाएगा। इसके प्राइस और रेंज की जानकारी लॉन्च पर दी जाएगी।
टिगोर EV में 55 kW का अधिकतम पावर आउटपुट और 170 Nm का अधिकतम टॉर्क होगा। यह 0 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड 5.7 सेकेंड में पकड़ेगी। इसमें 26 kWh की लिथियन आयन बैटरी है।
इसकी बैटरी वॉटरप्रूफ है और इस पर 8 वर्ष और 1,60,000 किलोमीटर की बैटरी और मोटर गारंटी दी जाएगी।
इस कार में 30 से अधिक कनेक्टेड फीचर्स दिए जा रहे हैं जिनमें रिमोट कमांड्स शामिल हैं। कंपनी की योजना इलेक्ट्रिक व्हीकल्स में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की है। इससे देश की सबसे बड़ी कार मैन्युफैक्चरर मारुति सुजुकी को कड़ी टक्कर मिल सकती है।
पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में हाल के वर्षों में टाटा मोटर्स ने अपने नए मॉडल्स के साथ मारुति सुजुकी की कुछ बाजार हिस्सेदारी पर कब्जा किया है।