Q2 Results: वेल्थ मैनेजमेंट कंपनी का मुनाफा घटा, फिर भी ₹7.5 के डिविडेंड का ऐलान

360 ONE WAM Q2 Results: वेल्थ मैनेजमेंट कंपनी 360 ONE WAM का मुनाफा 4.4% घटा, लेकिन कंपनी ने 7.5 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया है। वहीं, कंपनी का AUM बढ़कर 8.99 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। आखिर मुनाफे में गिरावट की वजह क्या रही? जानिए डिटेल।

अपडेटेड Oct 15, 2026 पर 8:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
360 ONE WAM ने 7.5 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है।

360 ONE WAM Q2 Results: वेल्थ मैनेजमेंट कंपनी 360 ONE WAM ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 17.5% बढ़कर 896 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह 763 करोड़ रुपये था। हालांकि, कंपनी का नेट प्रॉफिट 4.4% घटकर 302 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल कंपनी ने 316 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।

मुनाफा घटने की एक वजह अदर इनकम का निगेटिव रहना है। पिछले साल सितंबर तिमाही में कंपनी को इससे 51 करोड़ रुपये मिले थे।

AUM में 31% की बढ़ोतरी


360 ONE WAM का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) सालाना आधार पर 31% बढ़कर 8.99 लाख करोड़ रुपये हो गया। आसान भाषा में कहें तो कंपनी ग्राहकों के जितने पैसे मैनेज करती है, उनकी कुल वैल्यू इतनी पहुंच गई है।

इस बढ़ोतरी में वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार का बड़ा योगदान रहा। इसका AUM 34% बढ़ा। वहीं, एसेट मैनेजमेंट कारोबार में 14% की बढ़ोतरी हुई। कंपनी के कुल AUM का बड़ा हिस्सा वेल्थ मैनेजमेंट से आता है।

सालाना कमाई बढ़ी, ब्रोकरेज आय घटी

कंपनी की एनुअल रिकरिंग रेवेन्यू (ARR) 27.5% बढ़कर 706 करोड़ रुपये हो गई। यह वह कमाई है, जो कंपनी को नियमित तौर पर मिलने की उम्मीद रहती है।

हालांकि, ट्रांजैक्शन और ब्रोकरेज से होने वाली आय 9.1% घटकर 190 करोड़ रुपये रह गई। कंपनी ने कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद उसका मुख्य वेल्थ और एसेट मैनेजमेंट कारोबार मजबूत बना हुआ है। कंपनी के मुताबिक, बाजार की मौजूदा स्थितियों का असर अस्थायी हो सकता है।

7.5 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड

360 ONE WAM ने 7.5 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है। मार्च 2023 में शेयर स्प्लिट के बाद यह कंपनी का सबसे बड़ा डिविडेंड है। उस समय कंपनी ने एक शेयर को दो शेयरों में बांटा था और 1:1 बोनस शेयर भी जारी किए थे।

इस बार डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 23 अक्टूबर 2026 तय की गई है। इसी तारीख के आधार पर पात्र शेयरधारकों की पहचान होगी।

शेयर में मामूली तेजी

नतीजों से पहले गुरुवार को 360 ONE WAM का शेयर 0.9% बढ़कर 1,073 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि, 2026 में अब तक शेयर करीब 9% गिर चुका है। कंपनी का मार्केट कैप 42.15 हजार करोड़ रुपये है।

Q2 Results: आईटी कंपनी को ₹1586 करोड़ का मुनाफा, डिविडेंड और बोनस शेयर का ऐलान

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।