3C IT IPO Listing: एंट्री करते ही अपर सर्किट, फिर भी आईपीओ निवेशक घाटे में

3C IT IPO Listing: 3सी आईटी सॉल्यूशंस एंड टेलीकॉम्स (इंडिया) आईटी सिस्टम्स इंटीग्रेशन कंपनी है। खुदरा निवेशकों के दम पर इसके आईपीओ को अच्छा रिस्पांस मिला था। आईपीओ के तहत नए शेयर जारी हुए हैं और ऑफर फॉर सेल के तहत भी शेयरों की बिक्री हुई है। चेक करें कंपनी की कारोबार सेहत कैसी है और आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कैसे करेगी?

अपडेटेड Jun 12, 2024 पर 4:29 PM
3C IT IPO Listing: 3सी आईटी का ₹11.44 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 4-7 जून तक खुला था। आज इसके शेयरों की लिस्टिंग हुई है।

3C IT IPO Listing: आईटी सिस्टम्स इंटीग्रेशन कंपनी 3सी आईटी (Magenta Lifecare) के शेयरों की आज BSE के SME प्लेटफॉर्म पर  फीकी एंट्री हुई। खुदरा निवेशकों के दम पर इसके आईपीओ को ओवरऑल 20 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 52 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी 43.01 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को लिस्टिंग गेन नहीं मिला और इसकी बजाय 17.29 फीसदी का घाटा हो गया। हालांकि लिस्टिंग के बाद शेयर ऊपर चढ़े लेकिन आईपीओ निवेशक अब भी घाटे में हैं। उछलकर यह 45.16 रुपये (3C IT Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि  पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 13.15 फीसदी घाटे में हैं।

3C IT IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस

3सी आईटी का ₹11.44 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 4-7 जून तक खुला था। खुदरा निवेशकों के दम पर इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 20.21 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 29.79 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 8.84 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा 5 रुपये की फेस वैल्यू वाले 5 लाख शेयरों की ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत बिक्री हुई है। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।


3C IT के बारे में

वर्ष 2015 में बनी 3सी आईटी सॉल्यूशंस एंड टेलीकॉम्स (इंडिया) आईटी सिस्टम्स इंटीग्रेशन कंपनी है। यह इंफ्रा सॉल्यूशंस, डिजिटल बिजनेस सॉल्यूशंस और कंसल्टिंग सॉल्यूशंस यानी 3 सेगमेंट्स में सर्विसेज मुहैया कराती है। यह डेटा स्टोरेज मैनेजमेंट, सर्वर इंफ्रा सॉल्यूशंस, इनवेस्टमेंट, कस्टमाइज्ड नेटवर्क डिजाइन, सिक्योरिटी कंसालिडेशन और ऑप्टिमाइजेशन की सर्विसेज ऑफर करती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।

वित्त वर्ष 2021 में इसे 85.93 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में उछलकर 1.11 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2023 में 1.14 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 24 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 62.93 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2023 में इसे 50.52 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा और 23.56 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका था।

Magenta Lifecare IPO Listing: 'मजेंटा' कंपनी का बड़ा धमाल, 28% प्रीमियम पर एंट्री के बाद शेयर अपर सर्किट पर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।